दुष्कर्म की पीड़िता को मिल रही जान से मारने की धमकी
अररिया। दुष्कर्म की शिकार बनी पीड़िता आरोपित के भय से भागे- भागे फिर रही है। केस दर्ज
अररिया। दुष्कर्म की शिकार बनी पीड़िता आरोपित के भय से भागे- भागे फिर रही है। केस दर्ज करने के बाद अब उसे जान बचाना भी मुश्किल हो गया है। मामला नरपतगंज थाना क्षेत्र की है। पीड़िता दैनिक जागरण कार्यालय पहुंचकर अपनी पीड़ा सुनाई। पीड़िता ने कहा कि 18 अगस्त की रात रिश्ते की बहन के साथ घर में सोई हुई थी कि आरोपित देवेंद्र शर्मा ने जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। 19 अगस्त की संध्या महिला थाना में आवेदन दी थी। तत्कालीन महिला थानाध्यक्ष मीरा कुमारी 20 अगस्त को आरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित को छापेमारी कर गिरफ्तार भी कर लिया था, फिर आरोपित को पुलिस द्वारा छोड़ दिया गया। इसके बाद से आरोपित उसे बार-बार केस उठाने के लिए जान से मारने की धमकी दे रहा है और खुलेआम घूम रहा है। आरोपित दबंग है। अब जान बचाना भी मुश्किल हो गया है। इधर तत्कालीन महिला थानाध्यक्ष मीरा कुमारी ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन एसपी के मौखिक आदेश पर पीआर बांड पर छोड़ा गया था। यह बात स्टेशन डायरी में भी अंकित है।