कावासाकी निंजा 300 vs BMW G310 R, जानिये किसमें कितना है दम
कुछ दिन पहले ही भारत में BMW G310 R लॉन्च हुआ था। इसके लॉन्च होने के दो दिन बाद कावासाकी ने Ninja 300 का नया ABS वर्जन लॉन्च कर दिया।
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। कुछ दिन पहले ही भारत में BMW G310 R लॉन्च हुआ था। इसके लॉन्च होने के दो दिन बाद कावासाकी ने Ninja 300 का नया ABS वर्जन लॉन्च कर दिया। कीमत के मामले में दोनों बाइक का मुकाबला है। BMW G310 R की कीमत 2.99 लाख रुपये और कावासाकी निंजा 300 की कीमत 2.98 लाख रुपये है। इस हिसाब से देखा जाए तो इनकी कीमत में महज एक हजार का अंतर है। आइये बाकी बातों के आधार पर जानते हैं कौन किस पर भारी पड़ रहा है।
इंजन
कावासाकी निंजा ABS में 296 cc, पैरेलल ट्विन सिलिंडर, 8 वॉल्व, डीओएचसी इंजन दिया गया है। यह 38 bhp का पावर और 27 Nm टॉर्क जेनरेट करता है। इसको 6 स्पीड ट्रांसमिशन से लैस किया गया है। इस बाइक की टॉप स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटा है।
वहीं BMW G310 R में लिक्विड कूलिंग और फ्यूल इंजेक्शन के साथ 313 cc का सिंगल सिलेंडर वाला डीओएचसी इंजन लगा है। यह 34 bhp की पावर और 28 Nm का टार्क जनरेट करता है। इसमें भी कावासाकी निंजा की तरह 6 स्पीड ट्रांसमिशन दिया गया है। इसकी टॉप स्पीड 145 किमी प्रति घंटा है।
बाकी फीचर्स
डायमंड शेप फ्रेम वाले कावासाकी निंजा 300 में तेजी से गियर बदलने के लिए असिस्ट और स्लिपर क्लच दिया गया है। इसकी फेअरिंग पर 'निंजा' बैजिंग दी गई है। नए ABS वर्जन में MRF टायर्स और एंड्योरेंस ब्रेक्स दिए गए हैं। इसकी सीट की ऊंचाई को पहले वर्जन से 5 mm कम किया गया है। यह बाइक लाइम ग्रीन/इबॉनी और कैंडी प्लाज्मा ब्लू कलर स्कीम में उपलब्ध होगी।
BMW G310 R का डिजाइन S1000 R ms से लिया गया है। इसका मोनोशॉक सस्पेंशन एडजस्ट किया जा सकता है। इसका फ्रंट डिस्क 300mm का है जो निंजा 300 से 10mm ज्यादा है, वहीं पिछला डिस्क 240mm है जो निंजा 300 से 20mm ज्यादा है।