Xiaomi ने मात्र 30,700 रुपये में उतारी अपनी धांसू बाइक, 120 km का सड़कों पर देती है रेंज
Xiaomi ने Smartphone की दुनिया में तहलका मचाने के बाद अपनी पहली Electric Bike Xiaomi Himo T1 को लॉन्च कर दिया है
नई दिल्ली, ऑटो डेस्क। साल 2019 इलेक्ट्रिक गाड़ियों का साल रहा, जहां कंपनियों ने शानदार फीचर्स वाली इलेक्ट्रिक कारें, स्कूटर्स और बाइक्स को लॉन्च किया। ऐसे में अब साल के आखिरी महीने में Xiaomi ने भी इस सेगमेंट में अपना कदम रख दिया है। चीन की दिग्गज स्मार्टफोन निर्माता ने इलेक्ट्रिक बाइक सेगमेंट में एंट्री करते हुए अपनी Himo T1 ई-बाइक को हाल ही में लॉन्च किया है। Xiaomi की इस पहली इलेक्ट्रिक बाइक की भारतीय करेंसी में कीमत करीब 30,700 रुपए है। देखने में आपको यह व्हीकल किसी साइकिल की तरह लगेगा, लेकिन इसमें आपको एक मोटर भी मिलती है। यह एक ऐसा वाहन है जो पैडल और मोटर दोनों से चलता है। यही कारण है कि इसे ई-बाइक कहा जा रहा है। आज हम आपको इसके दूसरे बड़े फीचर्स के बारे में बताने जा रहे हैं। ताकी, आप खुद अंदाजा लगा सकें कि भारत की सड़कों पर यह दूसरी ई-बाइक के मुकाबले कितनी दमदार और किफायती साबित होगी। डालते हैं एक नजर,
- फीचर्स- Xiaomi Himo T1 में आपको LED हेडलाइट के साथ डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कलस्टर जैसे फीचर्स मिलते हैं। इस बाइक में आपको स्पीड, बैटरी और ट्रैकिंग जैसी कई नोटिफिकेशन मिलती है।
- परफॉर्मेंस- Himo T1 में 14,000mAh की लिथियन-ऑयन बैटरी दी गई है।
- रेंज- Himo T1 का 14Ah मॉडल 60 किलोमीटर तक रेंज देता है। यानी इसे एक बार फुल चार्ज करने पर यह 60 किलोमीटर तक चल सकती है। वहीं, इसका 28Ah मॉडल 120 किलोमीटर तक का रेंज देता है। हालांकि, इसकी टॉप स्पीड क्या है कंपनी ने इसकी कोई भी जानकारी नहीं दी है।
- कलर वैरिएंट- Xiaomi ने अपनी Himo T1 रेड, ग्रे और व्हाइट कलर वेरिएंट में उतारा है।
- सस्पेंशन- Himo T1 के फ्रंट में फॉर्क सस्पेंशन और रियर में ड्यूल कॉयल-ओवर सस्पेंशन दिया है।
- ब्रेकिंग- Himo T1 के फ्रंट में हाइड्रॉलिक डिस्क ब्रेक दिया है। वहीं, इसके रियर में आपको ड्रम ब्रेक्स मिलते हैं।
- बिक्री- Xiaomi ने अपनी Himo T1 को अभी केवल चीन में लॉन्च किया है। हालांकि, कंपनी इसे दूसरे बाजारों में कब लॉन्च करेगी इसकी अभी कोई भी जानकारी नहीं है।