Volkswagen ने किया यह कमाल, ग्राहकों को हो रहा जबरदस्त फायदा
Volkswagen ने अब ब्रांड और ग्राहकों के बीच पारदर्शिता बनाए रखने के लिए भारत में अपने डीलर कार्यशालाओं में एक स्टैंडर्ड मेनू मूल्य निर्धारण भी रखा है
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। जर्मन की कार निर्माता कंपनी Volkswagen ने अपने लाइन-अप की रेगुलर सर्विस कॉस्ट में 24 से 44 फीसद तक की कटौती की है। इसके साथ ही कंपनी ने 15,000 km तक एक साल में तीन फ्री सर्विस की भी पेशकश की है। कंपनी ने यह प्रयास बेहतर ग्राहक संबंध बनाने के लिए किया है, कंपनी ने आफ्टर-सेल्स के दुष्टिकोण में भारत केंद्रित वृद्धि की घोषणा की है।
31 दिसंबर 2018 तक कंपनी दो साल/अनलिमिटेड किलोमीटर स्टैंडर्ड व्हील वारंटी, दो साल फ्री रोड साइड असिस्टेंस (RSA), 7,500 km तक 6 महीने के लिए फ्री सर्विस और 15,000km तक एक साल के लिए पेड सर्विस देती थी। अब 1 जनवरी 2019 से Volkswagen ने स्टैंडर्ड व्हीकल वारंटी चार साल या 1,00,000km तक कर दी है। इसके अलावा रोड साइड असिस्टेंस भी चार साल तक बढ़ा दी है। अब कंपनी 15,000km तक तीन फ्री सर्विस एक साल के लिए देगी।
Volkswagen ने अब ब्रांड और ग्राहकों के बीच पारदर्शिता बनाए रखने के लिए भारत में अपने डीलर कार्यशालाओं में एक स्टैंडर्ड मेनू मूल्य निर्धारण भी रखा है। मेनू मूल्य निर्धारण में उन सभी लागतों का समावेश होता है जो ग्राहक संभावित रूप से संबंधित मॉडल पर आवश्यक सर्विस के आधार पर कर सकते हैं।
T-Cross पर कर रही कंपनी काम:
Volkswagen ने अपनी नई कॉम्पैक्ट एसयूवी T-Cross को अक्टूबर 2018 में यूरोप, दक्षिणी अमेरिका और चीन के बाजारों में पेश किया था। बता दें, कंपनी ने इसे एमक्यूबी-ए0 प्लेटफार्म पर तैयार किया है। इसी प्लेटफॉर्म पर पोलो और वर्टिस (नेक्स्ट जनरेशन वेंटो) को भी डिजाइन किया गया है। भारत में इस कार को 2020 के अंत तक लॉन्च किया जाएगा यानी कंपनी इसे Volkswagen ग्रुप के 2020 इंडिया 2.0 बिजनेस प्लान के तहत भारत में लॉन्च करने की योजना बना रही है और इसका प्रोडक्शन भारत में ही किया जाएगा।
वैश्विक बाजार में Volkswagen T-Cross पेट्रोल और डीजल पावरट्रेन में उपलब्ध होगी। ऐसे में अब कयास लगाए जा रहे हैं कंपनी इसे हाइब्रिड या प्लगइन हाइब्रिड वेरिएंट में भी लॉन्च करेगी, लेकिन कंपनी ने हाल ही में इस बात से साफ इंकार किया है। कंपनी के अनुसार T-Cross के इलेक्ट्रिक वेरिएंट को लॉन्च करने पर कार की कीमत बढ़ जाएगी।