VECV की अक्टूबर महीने में बिक्री 14 फीसद बढ़ी, निर्यात में हुई मामूली बढ़त
VE कमर्शियल व्हीकल्स ने 14.4 फीसद की बढ़ोतरी के साथ अक्टूबर महीने में 5980 यूनिट्स की बिक्री की है
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। वोल्वो ग्रुप और आयशर मोटर्स के ज्वाइंट वेंचर VE कमर्शियल व्हीकल्स ने बुधवार को कहा कि उसने 14.4 फीसद की बढ़ोतरी के साथ अक्टूबर महीने में 5980 यूनिट्स की बिक्री की है। इसमें आयशर मोटर्स की 5826 यूनिट्स और वोल्वो ब्रांड की 154 यूनिट्स शामिल हैं।
कंपनी के बयान के मुताबिक अक्टूबर 2017 में यह बिक्री 5228 यूनिट्स की रही थी। वहीं वोल्वो ट्रक्स की बिक्री 5166 यूनिट्स की थी। घरेलू बाजार में आयशर ब्रांड ट्रक्स और बसों की बिक्री में 14.7 फीसद की बढ़ोतरी के साथ 5121 यूनिट्स की हुई है, जबकि बीते वर्ष समान अवधि में कंपनी ने 4463 यूनिट्स की बिक्री की थी।
आयशर ट्रक्स और बसों के निर्यात की बात करें तो कंपनी ने 0.3 फीसद की बढ़ोतरी के साथ अक्टूबर 2018 में 705 यूनिट्स की बिक्री की है, जबकि अक्टूबर 2017 में यह आंकड़ा 703 यूनिट्स का था।
अशोक लेलैंड की बिक्री में 17 फीसद की बढ़त
कमर्शियल वाहन निर्माता अशोक लेलैंड ने 17 फीसद की बढ़ोतरी के साथ अक्टूबर महीने में 15,149 वाहनों की बिक्री की है। इससे बीते वर्ष समान अवधि में कंपनी ने 12,944 यूनिट्स की बिक्री की थी।
अक्टूबर 2018 के दौरान मीडियम और हैवी कमर्शियल व्हीकल (M&HCV) की 9,797 यूनिट्स की बिक्री हुई है, जबकि अक्टूबर 2017 में यह आंकड़ा 9,140 यूनिट्स का था।