इन तीन एसयूवी का भारत में किया जा रहा बेसब्री से इंतजार, जानें कीमत
जानें उन एसयूवी के बारे में जिनका भारतीय बाजार में बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है और इन्हें 2019 तक लॉन्च किया जाएगा
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। भारतीय बाजार में एसयूवी की बढ़ती डिमांड को देखते हुए इस सेगमेंट पर कार निर्माता कंपनियां इस सेगमेंट में तेजी से फोकस कर रही हैं। इस वक्त बाजार में सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी मारुति विटारा ब्रेजा और हुंडई क्रेटा ही मौजूद है। इतना ही नहीं सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों की सूची में भी ये दोनों शामिल रहती हैं। आज हम अपनी खबर में बताने जा रहे हैं उन एसयूवी के बारे में जो वर्ष 2019 तक लॉन्च की जाएंगी।
1. महिंद्रा XUV300
यूटिलिटी व्हीकल सेगमेंट में महिंद्रा के सबसे ज्यादा मॉडल्स शामिल हैं। भारतीय बाजार में इसी सेगमेंट की बढ़ती डिमांड को देखते हुए महिंद्रा अपनी नई एसयूवी को लॉन्च करने की योजना बना रही है। महिंद्रा नई एसयूवी को बनाने के लिए सैंगयोंग और पिनिनफैरिना की मदद लेगी। महिंद्रा की दो नई एसयूवी सैंगयोंग टिवोली के प्लेटफॉर्म पर बेस्ड होगी जिनके कोडनेम S201 और S202 हैं। महिंद्रा S201 का नाम महिंद्रा XUV300 हो सकता है। बता दें, दोनों ही एसयूवी मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ उतारी जाएंगी। इसके साथ ही ये दोनों 2WD और AWD ड्राइवट्रेन के साथ उपलब्ध होंगी। इनमें से महिंद्रा S201 को 2018 में लॉन्च किया जा सकता है और इसकी कीमत 7.50 लाख से लेकर 10 लाख रुपये हो सकती है। वहीं, महिंद्रा S202 को 2019 तक लॉन्च किया जिसकी कीमत 9.50 लाख रुपये से लेकर 15 लाख रुपये तक हो सकती है।
2. टाटा H5X
टाटा मोटर्स इस वक्त अपने फ्लैगशिप मॉडल (कोडनेम H5X) पर काम कर रही है। इस एसयूवी को पिछले कुछ महीनों में कई बार भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। कंपनी ने अपनी H5X को ग्लोबल मॉडल को फोकस करके डिजाइन किया है। हम पहले ही आपको बता चुके हैं कि टाटा H5X को लैंड रोवर डिस्कवरी के समान प्लेटफॉर्म पर बनाया जाएगा और इसके कुछ कम्पोनेंट्स का भी इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें 2.0 लीटर इन्गेनियम डीजल यूनिट दी जा सकती है, जो 170bhp की पावर के साथ 370 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स और 6-स्पीड ऑटोमैटिक यूनिट से लैस होगा। इसके साथ ही इसमें 2WD और AWD का भी विकल्प दिया जाएगा। भारतीय बाजार में यह टोयोटा फॉर्च्यूनर और फोर्ड एंडेवर को कड़ी टक्कर देगी। टाटा मोटर्स इसे 2019 के शुरुआत में लॉन्च कर सकती है और इसकी अनुमानित कीमत 30 से 35 लाख रुपये रखी जा सकती है।
3. हुंडई कोना
भारतीय बाजार में हुंडई दूसरा सबसे ज्यादा पॉपुलर और सर्वश्रेष्ठ बिक्री करने वाला कार ब्रैंड है। कंपनी ने अपनी कोना एसयूवी को 2018 ऑटो एक्सपो के दौरान पेश किया था और इसे लोगों ने काफी प्रतिक्रियाएं दी हैं। कंपनी इसे 2019 के अंत तक लॉन्च कर सकती है। भारतीय बाजार में इसे क्रेटा और टूसों के बीच पॉजिशन किया जाएगा। इसमें 1.2 लीटर काप्पा डुअल VTVT फोर-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया जाएगा जो 83 bhp की पावर के साथ 113 Nm का टॉर्क जनरेट करेगा। इसके अलावा इसमें 1.4 लीटर CRDi इंजन भी दिया जा सकता है जो 89 bhp की पावर के साथ 219 Nm का टॉर्क जनरेट करेगा। इंजन 5-स्पीड मैनुअल, 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन से लैस होगा। कंपनी इसकी अनुमानित कीमत 12 से 18 लाख रुपये रख सकती है।