अब बाढ़ की वजह से खराब नहीं होंगी कारें, आ गया नया तरीका
फिलीपींस के एक व्यक्ति ने ऐसा कार बैग बनाया है जो बाढ़ जैसी स्थिति में कार को बचाएगा।
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। केरल इन दिनों बाढ़ से जूझ रहा है। यह पिछले 100 सालों की सबसे भयंकर बाढ़ है। इसमें सैंकड़ों लोगों की जानें गई हैं और लाखों लोग बेघर हो गए। बाढ़ में लोगों की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। लोगों के घरों के साथ-साथ उनकी कारें भी पानी में बह गईं। कई कारों को पानी अपने साथ बहा ले गया तो कई कारें बाढ़ के पानी की वजह से खराब हो गई। अब फिलीपींस के एक व्यक्ति ने ऐसा कार बैग बनाया है जो बाढ़ जैसी स्थिति में कार को बचाएगा। इसे 'फ्लड गार्ड कार बैग' नाम दिया गया है।
देखने में सिंपल प्लास्टिक बैग की तरह दिखने वाला यह बैग पूरी तरह वारट प्रूफ और वाटर टाइट है। इसे खास तौर पर बाढ़ से कारों को बचाने के लिए डिजाइन किया गया है। इसे इस्तेमाल करना बेहद आसान है। इसके लिए इसे खोलकर जमीन पर रखना होगा। इसके बाद कार को इसके अंदर घुसाकर इसे बंद कर देना होगा। बैग को बंद करने के बाद से इसके अंदर पानी नहीं घुस पाएगा। इस बैग के साथ मजबूत रस्सियां भी दी गई है। अगर पानी का बहाव बहुत तेज हो इन रस्सियों के सहारे कार को किसी मजबूत चीज से बांधा जा सकता है। इससे कार पानी के साथ बहने से बच जाएगी।
फ्लड गार्ड कार बैग दो अलग-अलग साइज में उपलब्ध है। इनमें से एक साइज हैचबैक और सेडान के लिए और दूसरा एसयूवी और पिकअप ट्रक के लिए तैयार किया गया है। भारतीय करंसी के हिसाब से इसकी कीमत लगभग 40 हजार रुपये है। हालांकि, एक कवर के लिहाज से इसकी कीमत काफी ज्यादा लग सकती है, लेकिन बाढ़ में खराब हुई कार को रिपेयर करवाना इससे महंगा पड़ सकता है।