FY18 में बिकने वाली टॉप 10 कारों में टाटा टियागो शामिल, देखें पूरी लिस्ट
टाटा मोटर्स ने पहली बार वित्त वर्ष 2017-18 के दौरान सबसे ज्यादा बिकने वाली टॉप 10 कारों में टियागो से एंट्री ली है
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। टाटा मोटर्स ने पहली बार वित्त वर्ष 2017-18 के दौरान सबसे ज्यादा बिकने वाली टॉप 10 कारों में टियागो से एंट्री ली है। टाटा टियागो इस सूची में दसवें स्थान पर मौजूद है। कंपनी ने इस अवधि में इसकी 38 फीसद वृद्धि के साथ 78,829 यूनिट्स की बिक्री की है। वित्त वर्ष 2016-17 के मुकाबले वित्त वर्ष 2017-18 में टाटा टियागो ने मारुति सियाज को रिप्लेस कर दिया है।
वित्त वर्ष 2017-18 के दौरान रेनो क्विड की बिक्री में गिरावट देखी गई है। इस बार यह कार 83,089 यूनिट्स के साथ 9वें स्थान पर मौजूद है। बता दें रेनो इंडिया की कुल बिक्री में रेनो क्विड की करीब 80 फीसद हिस्सेदारी रही है।
अगर हम सबसे ज्यादा बिकने वाली टॉप 5 कारों की बात करें तो इसमें मारुति सुजुकी के पाचों मॉडल शामिल हैं। पिछली बार की तरह ऑल्टो इस बार भी सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में सबसे ऊंचे स्थान पर है। वित्त वर्ष 2017-18 में ऑल्टो की 258,539 यूनिट्स की बिक्री हुई है। इससे बीते वित्त वर्ष इसकी 241,635 यूनिट्स की बिक्री हुई थी।
ऑल्टो के बाद मारुति की कॉम्पैक्ट सेडान डिजायर ने दूसरे स्थान पर अपनी जगह बनाई है। मारुति सुजुकी ने इसकी 196,990 यूनिट्स की बिक्री की है। वित्त वर्ष 2016-17 के दौरान इसकी 167,266 यूनिट्स की बिक्री हुई थी। सबसे खास बात यह कि मारुति सुजुकी डियार इकलौती ऐसी सेडान है जो सबसे ज्यादा बिकने वाली टॉप 10 पैसेंजर व्हीकल की सूची में शामिल है।
मारुति की बलेनो ने इस बार हुंडई मोटर इंडिया की एलीट i20 और ग्रैंड i10 और सहायक कार ब्रैंड स्विफ्ट को पछाड़ दिया है। वित्त वर्ष 2017-18 के दौरान इसकी 190,480 यूनिट्स की बिक्री हुई है।
स्विफ्ट और वैगन आर चौथे और पांचवे स्थान पर मौजूद हैं। हुंडई ने वित्त वर्ष 2017-18 के दौरान ग्रैंड i10 की 151,113 यूनिट्स और एलीट i20 की 136,182 यूनिट्स की बिक्री की है।