बंद हो सकती है 'लोगों की कार' कही जाने वाली बीटल, जल्द आएगा फाइनल एडिशन
फॉक्सवैगन बीटल दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में से एक है। अब कंपनी इसे फाइनल एडिशन मॉडल के साथ बंद करने जा रही है।
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। फॉक्सवैगन बीटल दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में से एक है। अब कंपनी इसे फाइनल एडिशन मॉडल के साथ बंद करने जा रही है। इस कार को 1938 में लॉन्च किया गया था। तब से लेकर अब तक इसकी 3.30 करोड़ यूनिट्स बिक चुकी हैं। बीटल मॉडल ने कंपनी को लोगों के बीच पॉपुलर किया था। इस कार को 'लोगों की कार' भी कहा जाता है। हालांकि, पिछले कुछ समय में इसकी कीमतों में बढ़ोतरी हुई है और अब यह प्रीमियम लाइफस्टाइल व्हीकल बन गई है।
बढ़ती कीमतों के कारण इसकी मांग में कमी आई है। बीच में खबरें आई थीं कि कंपनी बीटल को बंद कर सकती है, लेकिन कंपनी ने कहा कि इस बारे में अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। साथ ही कहा जा रहा था कि बीटल का इलेक्ट्रिक वेरिएंट भी लॉन्च किया जा सकता है।
फॉक्सवैगन ने हाल ही में 2019 MY बीटल को पेश किया था। इस दौरान पता चला कि इस लाइन अप में एक 'फाइनल एडिशन' भी शामिल है। फाइनल एडिशन के बाद कंपनी इस कार को बंद कर सकती है। हालांकि, कंपनी ने इस बारे में अभी तक कोई अंतिम घोषणा नहीं की है। 2009 में लॉस एंजेल्स में हुए ऑटो शो में बीटल फाइनल एडिशन को पेश किया गया था, लेकिन इसका प्रोडक्शन अभी तक शुरू नहीं हुआ है।
क्या होगा फाइनल एडिशन में
बीटल फाइनल एडिशन को एक्वेरियस ब्लू कलर में फिनिश किया गया है। इसमें ब्लैक हार्ड रूफ और सॉफ्ट टॉप का ऑप्शन भी दिया गया है। इसमें स्पोर्टी सस्पेंशन, एक्सटीरियर और इंटीरियर में स्पेशल बैज भी दिए गए हैं। इसकी खास बात यह है कि इसमें 17 इंच अलॉय व्हील भी दिए गए हैं।
2019 बीटल में 2.0 लीटर 4 सिलेंडर इंजन लगा है जो 174 hp की पावर और 249 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन दिया गया है। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि कंपनी बीटल की रेट्रो थीम के साथ 4-डोर मॉडल भी ला सकती है। हालांकि, इस बारे में अभी तक अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।