Ducati की दमदार बाइक Multistrada 950 S की शुरू हुई बुकिंग, 2 नवंबर को की जाएगी लॉन्च, कीमत हो सकती है करीब 12 लाख
Ducati Multistrada 950 S की डिलीवरी नवंबर के पहले सप्ताह से शुरू की जाएंगी। फिलहाल यह बाइक दिल्ली- एनसीआर मुंबई पुणे अहमदाबाद हैदराबाद बेंगलुरु कोच्चि कोलकाता और चेन्नई के सभी डुकाटी डीलरशिप पर बिक्री के लिए उपलब्ध होगी। नई मल्टीस्ट्राडा में 937 सीसी का एल-ट्विन लिक्व्डि-कूल्ड इंजन दिया जाएगा।
नई दिल्ली ऑटो डेस्क। 2020 Ducati Multistrada 950 S Bookings : इटली की लग्जरी मोटरसाइकिल निर्माता डुकाटी इंडिया ने भारत में अपनी Multistrada 950 S की बुकिंग शुरू कर दी हैं। अगर आप इस प्रीमियम बाइक को बुक करना चाहते हैं, तो 1,00,000 रुपये की बुकिंग राशि में कपंनी की डीलरशिप या अधिकारिक वेबसाइट से कर सकते हैं। जानकारी के लिए बता दें, Multistrada 950 S मोटरसाइकिल को भारत में 2 नवंबर 2020 को लॉन्च किया जाएगा।
इंजन और पावर में क्या होगा बदलाव: नई डुकाटी मल्टीस्ट्राडा 950 एस में 937 सीसी का एल-ट्विन, लिक्व्डि-कूल्ड इंजन दिया जाएगा। जिसके पावर और टॉर्क के आंकड़े अभी तक सामने नहीं आए हैं। लेकिन अंदाजा लगाया जा रहा है कि इनमें कंपनी कोई खास बदलाव नहीं करेगी। वर्तमान में यह मोटर 111bhp की पीक पावर और 96Nm के टॉर्क को जेनरेट करने में सक्षम है। इसके साथ ही इसमें ट्रांसमिशन ड्यूटी के लिए 6-स्पीड गियरबॉक्स का इस्तेमाल किया जाएगा। हालांकि इसमें क्विक शिफ्टर दिया जा सकता है।
मिल सकते हैं ये फीचर्स: मौजूदा मॉडल की तुलना में अपडेट किए गए मॉडल में मामूली कॉस्मेटिक बदलाव भी किए जाएंगे। वहीं इसका वजन भी भारी होगा। इसके अलावा कंपनी इसमें कास्ट अलॉय या स्पोक व्हील्स का प्रयोग कर सकती है। जिसमें 19 इंच का फ्रंट व्हील ऑफ-रोड इलाके पर इसकी स्थिरता को सुनिश्चित करता है। अन्य फीचर्स में 5-इंच की फुल कलर टीएफटी डिस्प्ले, बैकलिट हैंडलबार कंट्रोल, हैंड्स-फ्री सिस्टम जैसे फीचर्स, राईडर नेविगेशन, क्विक-शिफ्टर और क्रूज़ कंट्रोल दिए जाएंगे।
डुकाटी इंडिया के प्रबंध निदेशक श्री बिपुल चंद्रा ने कहा कि, "नया मल्टीस्ट्राडा 950 एस में वर्तमान मॉडल के मुकाबले कई बदलाव किए जाएंगे। नई मोटरसाइकिल को उन लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिज़ाइन किया गया है। जो प्रदर्शन, हैंडलिंग, आराम और सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं करना चाहते हैं। हम भारत में सवारों के साथ इस अनुभव को साझा करने के लिए उत्साहित हैं और साथ ही भारतीय सड़कों पर बाइक देखने के लिए उत्सुक हैं। ”