दिवाली के त्योहार ने उड़ाई मंदी की हवा, इन कंपनियों की हुई बंपर बिक्री
इस दिवाली Maruti Suzuki Hero Motocorp और Suzuki Motorcycle की बिक्री में भारी बढ़त दर्ज की गई है
नई दिल्ली, ऑटो डेस्क। दिवाली का त्योहार भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन इसका असर अभी दिखाई दे रहा है। हम बात कर रहे हैं भारतीय ऑटो सेक्टर की जहां दिवाली के त्योहार का असर कंपनियों के बिक्री पर देखने को मिल रहा है। दरअसल लगातार गिरावट का सामना कर रहीं Maruti Suzuki और Hero Motocorp जैसी बड़ी कंपनियों की बिक्री में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है और इसका एक बड़ा कारण दिवाली का त्योहार है। आज हम आपको इन दोनों ही बड़ी कंपनियों की बिक्री में आई बढ़ोतरी के बारे में बताने जा रहे हैं। तो डालते हैं एक नजर,
Maruti Suzuki
Maruti Suzuki भारत की सबसे बड़ी कार कंपनी है। पिछले 7 महीनों से इसकी बिक्री में लगातार गिरावट देखी जा रही थी, लेकिन अक्टूबर महीने में कंपनी की बिक्री में दोबारा से बढ़त देखी गई है। अक्टूबर 2019 में कंपनी के कुल 1,53,435 यूनिट्स की बिक्री हुई है। वहीं, अक्टूबर 2018 में कंपनी के 1,46,766 यूनिट्स की बिक्री हुई थी। इस दौरान कंपनी की बिक्री में 4.5 फीसद की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अकेले धनतेरस के दिन Maruti Suzuki की 45,000 गाड़ियों की बिक्री हुई है।
Hero Motocorp
Maruti की तरह ही दुनिया की सबसे बड़ी 2-व्हीलर कंपनी Hero Motocorp की बिक्री में भी भारी बढ़त दर्ज की गई है। अक्टूबर 2019 में Hero Motocorp के 12.84 लाख यूनिट्स की बिक्री हुई है। इस दौरान कंपनी के 125 सीसी वाले स्कूटर्स की सबसे ज्यादा बिक्री हुई है, जो कि एक ही कैलेंडर में किसी भी महीने के लिए अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री थी। इसके 125 सीसी सेगमेंट वाले स्कूटर्स के 50,000 यूनिट्स की इस दौरान बिक्री हुई है।
Suzuki Motorcycle India
Suzuki ने अक्टूबर 2019 में 66,215 यूनिट्स की भारतीय बाजार में बिक्री की है। जबकि, अक्टूबर 2018 में इसके 61,768 यूनिट्स की घरेलू बाजार में बिक्री हुई थी। इस दौरान कंपनी की बिक्री में 13.61 फीसद की बढ़त दर्ज की गई है। भारत में यह किसी भी महीने में अब तक कंपनी की सबसे ज्यादा बिक्री है।