Maruti Suzuki की कारों की फिर घटी भारत में बिक्री, नवंबर महीने में आई 3.2% की गिरावट
Maruti Suzuki की नवंबर 2019 में कुल 141400 गाड़ियों की बिक्री हुई जहां 3.2 फीसद की गिरावट दर्ज की गई है
नई दिल्ली, ऑटो डेस्क। Maruti Suzuki India (मारुति सुजुकी इंडिया) की तरफ से नवंबर 2019 का सेल्स फिगर जारी कर दिया गया है। देश की सबसे बड़ी कार कंपनी की भारत में 3.2 फीसद बिक्री घटी है। भारतीय बाजार में नवंबर 2019 में कंपनी के कुल 1,41,400 गाड़ियों की बिक्री हुई है। इसकी तुलना अगर नवंबर 2018 से की जाए, तो इस महीने कंपनी की 1,46,018 गाड़ियां बिकीं थी। अक्टूबर महीने में कंपनी की बिक्री में बढ़त देखी गई थी, जिसके बाद उम्मीद की जा रही थी कि मारुति सुजुकी के भारत में अच्छे दिन आ गए हैं, लेकिन नवंबर महीने ने कंपनी को फिर से निराश कर दिया है।
कॉम्पैक्ट सेगमेंट की लोकप्रिय गाड़ियों की बात करें तो Maruti Suzuki Wagon R, Dzire, Swift जैसी गाड़ी की बिक्री में बढ़त दर्ज की गई है। इन गाड़ियों की नवंबर 2019 में कुल 78,013 यूनिट्स की बिक्री हुई है। वहीं, नवंबर 2018 में इन कारों के 72,533 यूनिट्स बिके थे। इस दौरान इस सेगमेंट में कंपनी की बिक्री में 7.6 फीसद की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
LCV सेगमेंट में Super Carry LCV के नवंबर 2019 में 2267 यूनिट्स बिके हैं। जबकि, नवंबर 2018 में इसके 2128 यूनिट्स बिके थे। इस दौरान इस सेगमेंट में 6.5 फीसद की बढ़त दर्ज की गई है। वहीं, मिनी-व्हीकल सेगमेंट की बात करें तो Maruti Suzuki Alto, S-Presso जैसी गाड़ियों की नवंबर 2019 में 26,306 यूनिट्स की बिक्री हुई है। नवंबर 2018 में इनके 29,954 यूनिट्स बिके थे। इस दौरान इनकी बिक्री में 12.2 फीसद की गिरावट दर्ज की गई है। मिड-साइज सेगमेंट में Maruti Suzuki Ciaz सिडान की बिक्री में 62.3 फीसद की गिरावट दर्ज की गई है। नवंबर 2019 में इसके 1448 यूनिट्स की बिक्री हुई है। नवंबर 2018 में इसके 3838 यूनिट्स बिके थे।
UV सेगमेंट की बात करें तो Vitara Brezza, Ertiga और XL6 की बिक्री में 1.3 फीसद की गिरावट दर्ज की गई है। नवंबर 2019 में इसके 23,204 यूनिट्स की बिक्री हुई है। नवंबर 2018 में इनके 23,512 यूनिट्स की बिक्री हुई थी।