महिंद्रा भारत में 2020 तक बंद कर सकती है अपने 4 नए मॉडल्स
महिंद्रा वेरिटो, महिंद्रा वाइब, महिंद्रा जायलो और महिंद्रा नूवो स्पोर्ट्स को बंद करने की योजना बना रही है
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। देश की दिग्गज कार निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा अपने 4 मॉडल्स बंद कर सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी महिंद्रा वेरिटो, महिंद्रा वाइब, महिंद्रा जायलो और महिंद्रा नूवो स्पोर्ट्स को बंद करने की योजना बना रही है। इन मॉडल्स की कम बिक्री होने के चलते कंपनी इनके अपग्रेड वर्जन लाने के बजाए इन्हें बंद कर सकती है।
महिंद्रा इन 4 मॉडल्स को बंद करने के अलावा 4 नए मॉडल्स भी लॉन्च करने की तैयारी में है। ये 4 मॉडल्स SUV सेगमेंट में उतारे जाएंगे। इनमें महिंद्र U321 MPV, महिंद्रा S201, महिंद्रा KUV100 इलेक्ट्रिक और महिंद्रा रेक्सटन G4SUV शामिल हैं। कंपनी इन्हें इस साल के अंत तक या अगले साल के शुरुआत में लॉन्च कर सकती है।
जनवरी 2018 में 17 फीसद की बढ़ोतरी:
महिंद्रा एंड महिंद्रा की बिक्री जनवरी महीने में 17 फीसद बढ़ी है। इस दौरान कंपनी ने करीब 23,686 पैसेंजर वाहनों की बिक्री की है। कुल बिक्री की बात करें तो उसमें 32 फीसद की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। महिंद्रा बिक्री में ज्यादा योगदान कंपनी के लोकप्रिय मॉडल्स का रहा है। कंपनी अब जिन मॉडल्स की बिक्री नहीं हो रही है उन्हें बंद करने की योजना बना रही है।
500 करोड़ रुपये का करेगी निवेश:
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने अपने चाकण प्लांट (महाराष्ट्र) में 500 करोड़ रुपए का निवेश करने की घोषणा की है। यह निवेश अगले चार साल में किया जाएगा इस निवेश के जरिये कंपनी इलेक्ट्रिक कारों को डेवलपमेंट और गाड़ियों की प्रोडक्शन कैपेसिटी बढ़ाने में करेगी।