केरल में अपने कर्मचारियों के लिए इलेक्ट्रिक व्हीकल इस्तेमाल करेगी महिंद्रा
महिंद्रा लॉजिस्टिक ने केरल में अपनी कर्मचारियों के ट्रांसपोर्टेशन के लिए इलेक्ट्रिक व्हीकल का इस्तेमाल करना शुरू किया है।
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। महिंद्रा लॉजिस्टिक ने केरल में अपनी कर्मचारियों के ट्रांसपोर्टेशन के लिए इलेक्ट्रिक व्हीकल का इस्तेमाल करना शुरू किया है। कंपनी अब कर्मचारियों को लाने-ले जाने के लिए eVerito इस्तेमाल करेगी। कंपनी बेंगलुरू, दिल्ली और दूसरे शहरों में अपने क्लाइंट के लिए इलेक्ट्रिक व्हीकल पेश कर चुकी है। कंपनी की योजना अगले साल तक कर्मचारियों के ट्रांसपोर्टेशन के लिए 150 इलेक्ट्रिक लगाने की है।
महिंद्रा इलेक्ट्रिक के सीईओ महेश बाबू ने बताया कि महिंद्रा इलेक्ट्रिक लंबे समय से इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के क्षेत्र में सबसे आगे है। हमें फ्लीट सेगमेंट में eVerito को पेश करते हुए खुशी हो रही है। हमें उम्मीद है कि हमारा यह कदम राज्य के सतत जीवन के मिशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
महिंद्रा अपने इलेक्ट्रिक व्हीकल का फायदा उठाने की कोशिश में हैं। कंपनी ने इसके लिए ओला जैसी कैब कंपनियों के टाइ-अप किया है. कंपनी अगले कुछ सालों में अपने फ्लीट में और इलेक्ट्रिक कार लाने की योजना बना रही है। कंपनी का कहना है कि इलेक्ट्रिक कारों के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए सरकार को मदद करनी चाहिए।
महिंद्रा ने 2016 में eVerito को लॉन्च किया था। इसके बेस वेरिएंट की कीमत 9.5 लाख रुपये (एक्स शोरूम) रखी गई थी। यह कंपनी की Verito सेडान पर बेस्ड है। eVerito पूरी तरह इलेक्ट्रिक है। इसमें थ्री-फेस 72 V इलेक्ट्रिक मोटर लगी है जो 41 PS की पावर और 91 Nm का टॉर्क जनरेट करती है। कंपनी का दावा है कि एक बार पूरी तरह चार्ज होने के बाद यह 110 किलोमीटर तक चल सकती है। इसकी टॉप स्पीड 86 किमी प्रति घंटा है।