अपने सभी मॉडल्स के लिए हुंडई ने लगाया सर्विस कैंप, मिलेंगे ये फायदे
कार कंपनी हुंडई ने भारत में अपने 20 साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर कंपनी ने अपनी कारों के लिए स्पेशल सर्विस कैंप आयोजित किया है।
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। कार कंपनी हुंडई ने भारत में अपने 20 साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर कंपनी ने अपनी कारों के लिए स्पेशल सर्विस कैंप आयोजित किया है। इस कैंप में नए मॉडल्स के साथ-साथ सेंट्रो जैसे बंद हो चुके मॉडल्स की भी सर्विस की जाएगी। यह कैंप इस महीने के अंत तक जारी रहेगा।
इस दौरान स्पेयर पार्ट्स पर 10 प्रतिशत और लेबर, इंजन ऑयल और दूसरी वैल्यू-एडेड सर्विस पर 20 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। साथ ही पुरानी कारों का हुंडई के इंजीनियरों द्वारा इंस्पेक्शन किया जाएगा। सेंट्रो, एसेंट और आई10 मालिक किसी भी डीलरशिप पर जाकर अपनी 'ब्रिलियंट मोमेंट' स्टोरी सुनाने के लिए संपर्क कर सकते हैं। इसी दौरान उनकी कार की सर्विस भी की जाएगी।
माना जा रहा है कि कंपनी सितंबर महीने में सेंट्रो को दोबारा लॉन्च कर सकती है। संयोग वाली बात यह है कि 20 साल पहले सितंबर महीने में पहली बार सेंट्रो को भारत में लॉन्च किया गया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी नई सेंट्रो की कीमत 4 लाख रूपये के आस-पास हो सकती है। लेकिन कंपनी की तरफ से इसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। इंजन की बात करें तो इसमें 1.0 लीटर, 3 सिलिंडर पेट्रोल इंजन दिया जाएगा जो 69 पीएस की पावर देगा। इसमें 5 स्पीड मैन्युअल और एएमटी का विकल्प भी दिया जा सकता है। नई जनरेशन सैंट्रो में टॉल-ब्वॉय स्टैंस को बरकरार रखा जाएगा। खबरें यहां तक आ रही हैं कि नई सेंट्रो के बाद कंपनी EON को मार्किट से हटा सकती है।