Honda 2Wheelers युवतियों के लिए लाई सपनों की उड़ान
Honda 2Wheelers India युवतियों के कमर्शियल पायलट बनने के सपनों को साकार करने के लिए महिला सशक्तीकरण पर होंडा की अनूठी CSR परियोजना - सपनों की उड़ान का ऐलान किया
नई दिल्ली, ऑटो डेस्क। Honda 2Wheelers India युवतियों के कमर्शियल पायलट बनने के सपनों को साकार करने के लिए महिला सशक्तीकरण पर होंडा की अनूठी CSR परियोजना - 'सपनों की उड़ान' का ऐलान किया। होंडा का मानना है कि महिला सशक्तीकरण के द्वारा देश को सशक्त बनाया जा सकता है और इसी विश्वास के साथ होंडा युवतियों को कमर्शियल पायलट प्रशिक्षण में सहयोग प्रदान करेगी। कॉमर्शियल पायलट बनने की उनकी यात्रा होंडा के साथ शुरू होती है।
होंडा की सबसे बड़ी CSR पहल की घोषणा करते हुए श्री हरभजन सिंह, डायरेक्टर, जनरल एण्ड कोरपोरेट अफेयर्स, होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया प्रा लिमिटेड ने कहा, "एक जिम्मेदार कोरपोरेट के रूप में होंडा 2 व्हीलर्स हमेशा से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है। गुजरात होंडा 2 व्हीलर्स इंडिया के लिए खास है क्योंकि यहां हमने विकास की लंबी यात्रा तय की है। अपनी प्रतिबद्धताओं की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए, हमें खुशी है कि हम महिला सशक्तीकरण पर होंडा की अनूठी पहल- सपनों की उड़ान की घोषणा कर रहे हैं। बहुत सी युवतियां आर्थिक सहयोग न मिलने के कारण अपने सपनों को साकार नहीं कर पातीं। इस अनूठी पहल के माध्यम से होंडा 20 महिलाओं को कमर्शियल पायलट बनने के लिए 100 फीसदी छात्रवृत्ति प्रदान करेगा। हमें विश्वास है कि ये महिलाएं न केवल बेहद सम्मानजनक पेशे में अपनी खास जगह बनाएंगी बल्कि लाखों अन्य महिलाओं को अपने साकार करने के लिए प्रेरित करेंगी।"
भारत में महिला कमर्शियल पायलट्स का प्रतिशत मात्र 12 फीसदी है। युवतियों को इस सम्मानजनक पेशे के लिए प्रोत्साहित करने के प्रयास में होंडा ने अपनी सबसे बड़ी CSR परियोजना सपनों की उड़ान का ऐलान किया है। होंडा गुजरात, हरियाणा, राजस्थान और कर्नाटक से महिलाओं को इसमें आवेदन के लिए आमंत्रित कर रहा है। होंडा 20 महिलाओं के कमर्शियल पायलट बनने के सपने को साकार करने के लिए 100 फीसदी छात्रवृत्ति प्रदान करेगा।
योग्य महिलाओं को कमर्शियल पायलट बनने में मदद करने के लिए होंडा उन्हें जीवन का यह अनूठा अवसर प्रदान कर रहा है। होंडा भारत के अग्रणी फ्लाइंग स्कूल में उनके दाखिले से लेकर 18 महीने के प्रशिक्षण तक का पूरा खर्च उठाएगा। इसके अलावा होंडा उन्हें कमर्शियल पायलट के रूप में नौकरी पाने में भी मदद करेगा।
एक विशेष चयन प्रक्रिया के द्वारा 20 महिलाओं का चुनाव किया जाएगा। चुनाव के दौरान महिलाओं की योग्यता और आय स्तर को ध्यान में रखा जाएगा। राज्य शिक्षा बोर्ड में 12 वीं कक्षा में विज्ञान के तहत भौतिकी एवं गणित में 90 फीसदी से अधिक अंक लाने वाली छात्राएं इसके लिए आवेदन कर सकती हैं।
इसके बाद जमा किए गए आवेदनों की जांच विभिन्न मानकों के आधार पर की जाएगी, जिसमें पाठ्येत्तर गतिविधियों में छात्राओं की उपलब्धियों पर भी ध्यान दिया जाएगा। इसके बाद 20 योग्य महिला उम्मीदवारों के चयन के लिए लिखित परीक्षा, मेडिकल जांच, साइकोमेट्रिक जांच और तकनीकी मूल्यांकन होगा। इन सब में अपनी योग्यता को साबित करने वाली महिलाओं को कंपनी विशेष प्रशिक्षण के लिए सहायता प्रदान करेगी।
यह भी पढ़ें:
तो इस टेक्नोलॉजी की वजह से 2 रुपये महंगा हुआ है पेट्रोल-डीजल !
बरसात के मौसम में टू-व्हीलर के लिए अपनाएं ये टिप्स, रहोगे सुरक्षित