Hero MotoCorp की बिक्री में 4 फीसद की गिरावट, सालभर में बेचे 80 लाख से ज्यादा वाहन
देश की सबसे बडी टू-व्हीलर निर्माता कंपनी Hero MotoCorp ने 4 फीसद की गिरावट के साथ दिसंबर महीने में 453,985 यूनिट्स की बिक्री की है
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। देश की सबसे बडी टू-व्हीलर निर्माता कंपनी Hero MotoCorp ने 4 फीसद की गिरावट के साथ दिसंबर महीने में 453,985 यूनिट्स की बिक्री की है, जबकि दिसंबर 2017 में यह आंकड़ा 472,731 यूनिट्स का था। एक ओर जहां कंपनी ने पिछले महीने बिक्री में गिरावट देखी है वहीं, सालभर में कंपनी ने सकारात्मक वृद्धि हासिल की है। जनवरी और दिसंबर 2018 के बीच हीरो ने 80,39,472 दोपहिया वाहनों की बिक्री की है। अप्रैल और दिसंबर के बीच वित्तीय वर्ष 2019 के पहले नौ महीनों में कंपनी ने 60,37,901 यूनिट्स की बिक्री की है।
Hero MotoCorp की कैलेंडर वर्ष 2018 के बिक्री प्रदर्शन के दौरान, चेयरमैन, डॉ. पवन मुंजाल ने कहा, "2018 वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए एक चुनौतीपूर्ण वर्ष था, जबकि मुद्रा और वस्तुओं में जारी अस्थिरता ने विकास की गति को धीमा कर दिया। वैश्विक भू-राजनीतिक और व्यापारिक संघर्षों ने दुनिया भर के बाजारों और उद्योगों में भावनाओं को भी प्रभावित किया है। दिवाली त्योहारी सीजन से पहले दोपहिया बीमा की बढ़ती लागत और बाजार में प्रचलित तरलता की कमी ने उद्योग में विकास की समग्र गति को पूरे तीसरे तिमाही के दौरान प्रभावित किया है।"
जनवरी 2018 में डाकर रैली में एक मजबूत शो के साथ Hero MotoCorp ने 2018 का शानदार आयोजन किया था, इसके अलावा कंपनी ने दो नए सेगमेंट में अपनी Xtreme 200R मोटरसाइकिल और Destini 125 स्कूटर को लॉन्च किया। कंपनी 2019 में हीरो XPulse 200 और 200T बाइक के साथ दो लॉन्च करने जा रही है, साथ ही Hero Maestro Edge 125 स्कूटर को भी लॉन्च किया जाएगा।