BMW X1 के फेसलिफ्ट वेरिएंट की टेस्टिंग जारी, जानिये कब होगा लॉन्च
BMW X1 के फेसलिफ्ट वेरिएंट को टेस्टिंग के दौरान स्पॉट किया गया है। ग्लोबल मार्केट में इसे साल के अंत तक पेश किया जा सकता है।
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। BMW X1 के फेसलिफ्ट वेरिएंट को टेस्टिंग के दौरान स्पॉट किया गया है। ग्लोबल मार्केट में इसे साल के अंत तक पेश किया जा सकता है। भारत में यह गाड़ी अगले साल लॉन्च हो सकती है। माना जा रहा है कि इसकी कीमत मौजूदा X1 के आसपास होगी। बाजार में इसका मुकाबला मर्सिडीज-बेंज GLA, ऑडी Q3 और वोल्वो XC40 से होगा।
टेस्टिंग के दौरान देखे गए फेसलिफ्ट मॉडल में कई बदलाव देखे गए हैं। इसमें फ्रंट में नए हेडलैंप्स दिए गए हैं, जिनका लेआउट, BMW X5, X3 और 8-सीरीज कूपे से मिलता है। साथ ही नए मॉडल के फ्रंट और फ्रंट ग्रिल में भी बदलाव किया गया है। इसमें पहले से ज्यादा बड़ी ग्रिल दी गई है। गाड़ी के पिछले हिस्से में भी कई बदलाव हुए हैं। यहां टेललैंप्स और रियर बंपर में बदलाव देखने को मिलेगा। माना जा रहा है कि केबिन में भी कई बदलाव किए जा सकते हैं।
नए मॉडल के इंजन को लेकर अभी तक कंपनी की तरफ से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। माना जा रहा है कि इसमें 2.0 लीटर डीजल इंजन दिया जा सकता है जो 190 ps की पावर और 400 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यही इंजन BMW X1 में दिया गया है। इसमें 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है। उम्मीद की जा रही है कि X1 फेसलिफ्ट वेरिएंट में पेट्रोल इंजन ऑप्शन भी दिया जा सकता है। इसमें 2.0 लीटर का 4 सिलेंडर इंजन होगा जो 252 ps की पावर और 350 Nm का टॉर्क जनरेट करेगा।
वोल्वो XC40 से होगा मुकाबला- इस गाड़ी को हाल ही में लॉन्च किया गया है। वोल्वो की XC40 सबसे अफॉर्डेबल SUV के रूप में देखी जा रही है। इसमें 4 सिलिंडर वाला 2.0 लीटर का D4 डीजल इंजन लगा है जो 190PS की पावर और 400Nm का टॉर्क देता है। इसके अलावा इसमें 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन दिया जाएगा ये वही यूनिट है जो वोल्वो अपनी लगभग सभी गाड़ियों में इस्तेमाल करती है।