BMW 18 जुलाई को भारत में लॉन्च करेगी 2 नई स्पोर्ट्स बाइक, इन बाइक्स से होगा मुकाबला
BMW मोटराड इंडिया 18 जुलाई को भारत में BMW G 310 R और BMW G 310 GS बाइक लॉन्च करेगी।
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। BMW मोटराड इंडिया 18 जुलाई को भारत में BMW G 310 R और BMW G 310 GS बाइक लॉन्च करेगी। इन बाइक्स का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था। कंपनी ने 8 जून से इन बाइक्स की बुकिंग शुरू कर दी थी। लॉन्चिंग के बाद इनकी डिलीवरी शुरू की जाएगी। BMW G310R को 2015 और BMW G310GS को 2016 में पेश किया गया था। कंपनी इन दोनों बाइक को विदेशों में बेच रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, BMW G 310R की कीमत 2.85 लाख रुपये और BMW G 310GS की कीमत 3.5-3.7 लाख रुपये (दोनों कीमतें एक्स शोरूम) हो सकती है। इन दोनों बाइक्स में 313 CC, सिंगल सिलेंडर इंजन लगा है जो 34 bhp का पावर और 28 Nm का टॉर्क जनरेट करेगा। इंजन में 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है। दोनों बाइक स्टैंडर्ड डुअल-चैनल एबीएस के साथ आएगी। G 310 GS में 19 इंच का फ्रंट व्हील और G 310 R में 17 इंच के अलॉय व्हील आएंगे। ये दोनों कंपनी की सबसे अफॉर्डेबल बाइक हैं और इनका निर्माण भारत में किया गया है।
भारत में बनी हैं ये बाइक्स
इन दोनों बाइक का निर्माण टीवीएस के तमिलनाडु स्थित प्लांट में किया गया है। इन बाइक्स में दिया गया इंजन टीवीएस अपाचे आरआर 310 में दिया गया है। BMW भारत में नई बाइक्स की लॉन्चिंग से पहले अपने डीलरशिप नेटवर्क को मजबूत करने पर फोकस कर रही है। अभी भारत में कंपनी के 7 डीलरशिप हैं। ये दिल्ली, मुंबई, पुणे, चेन्नई, बेंगलुरू, अहमदाबाद और कोच्चि में स्थित है। जल्द ही कंपनी चंडीगढ़ और कोलकाता में अपनी डीलरशिप खोलेगी।
इन बाइक से होगा मुकाबला
बाजार में BMW G 310 R का मुकाबला केटीएम 390 ड्यूक से होगा, जबकि BMW G 310 GS अपकमिंग केटीएम 390 एडवेंचर को चुनौती देगी। यूरोप और अमेरिकी मार्केट में बिकने वाली इन बाइक्स की भारत में लॉन्चिंग काफी देर समय बाद हो रही है।