साउथ कोरिया ने BMW पर लगाया 70 करोड़ रुपये का जुर्माना, जानें वजह
साउथ कोरिया ने BMW की गाड़ियों के इंजन में आग लगने की घटनाओं के चलते कंपनी पर 99 लाख डॉलर (करीब 70 करोड़ रुपये) का जुर्माना लगाया है
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। साउथ कोरिया ने BMW की गाड़ियों के इंजन में आग लगने की घटनाओं के चलते कंपनी पर 99 लाख डॉलर (करीब 70 करोड़ रुपये) का जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही कंपनी पर इसी बात को लेकर ढिलाई बरतने के चलते कथित रूप से आपराधिक मुकदमा भी दर्ज किया जा रहा है। सोमवार को दक्षिण कोरिया ने इस बात की जनाकारी दी है।
दक्षिण कोरिया के परिवहन मंत्रालय की समिति पांच महीने की जांच-पड़ताल के बाद इस निष्कर्ष पर पहुंची है कि जर्मनी की कार निर्माता कंपनी BMW ने तकनीकी खामियों को छुपाने की कोशिश की है। इतना ही नहीं, इंजन में आग लगने की घटनाएं सामने आने के बावजूद भी कंपनी ने कारें वापस लेने में भी ढिलाई बरती है। बता दें इस साल की शुरुआत में दक्षिण कोरिया में BMW की करीब 40 कारों के इंजन में आग लगने की घटनाएं सामने आई थीं।
मंत्रालय के मुताबिक BMW गाड़ियों में आग लगने की वजह वाहनों के एग्जॉस्ट गैस रिसर्क्यूलेशन (EGR) कूलर में वॉल्व की खराबी है। इतना ही नहीं BMW ने इस आग लगने वाली घटनाओं पर माफी भी मांगी और जुलाई और अक्टूबर में 65 विभिन्न मॉडलों के 172,000 वाहनों को रिकॉल भी किया था।
BMW की दक्षिण कोरिया यूनिट ने कहा कि मंत्रालय के निष्कर्ष कंपनी के आकलन के अनुरूप ही है और EGR कूलर्स में कूलैंट का रिसाव आग की वजह से है। हालांकि, कंपनी ने मंत्रालय के आरोपों पर सीधे-सीधे अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है।