Ashok Leyland की सितंबर महीने में बढ़ी बिक्री, 26 फीसद ज्यादा हुई गाड़ियों की खरीदारी
Ashok Leyland ने सितंबर महीने में अपने 19,373 यूनिट्स बेचे हैं। वहीं, पिछले साल की बात की जाए तो, कंपनी के सितंबर 2017 में 15,371 यूनिट्स बिके थे।
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। अशोक लेलैंड ने सितंबर महीने की अपनी सेल्स रिपोर्ट जारी कर दी है। कॉमर्शियल व्हीकल बनाने वाली भारतीय कंपनी अशोक लेलैंड ने पिछले महीने 27 फीसद की साल-दर-साल बढ़त हासिल की है। सितंबर महीने में कंपनी की बिक्री में 26 फीसद की बढ़ौतरी दर्ज की गई है। अशोक लेलैंड ने सितंबर महीने में 19,373 यूनिट्स की बिक्री की है। वहीं, पिछले साल की बात की जाए तो, अशोक लेलैंड ने सितंबर 2017 में 15,371 यूनिट्स की बिक्री की थी।
किस सेगमेंट में हुआ कितना फायदा?
अशोक लेलैंड की तरफ से जारी की गई रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी ने लाइट कमर्शियल व्हीकल्स (LCV) सेगमेंट में 44 फीसद की बढ़ौतरी दर्ज की है, जहां उसके 5,141 यूनिट्स बिके हैं। इसकी तुलना अगर पिछले साल के सितंबर महीने से की जाए तो कंपनी के 3,566 वाहन बिके थे। वहीं, मीडियम एंड हैवी कमर्शियल व्हीकल (MHCV) सेगमेंट में कंपनी के 14,232 यूनिट्स बिके हैं। जबकि, सितंबर 2017 में ये आकंड़ा 11,805 यूनिट्स का था।
अप्रैल से सितंबर में 35 फीसद बढ़ी बिक्री
अशोक लेलैंड के इस साल अप्रैल से सितंबर महीने में 94,086 यूनिट्स बिके हैं। इन महीनों में पिछले साल की तुलना में कंपनी की सेल्स रिपोर्ट में 35 फीसद की बढ़ौतरी देखी जा सकती है। ऐसे में अगर कंपनी अपनी परफॉर्मेंस जारी रखती है तो आने वाले फेस्टिव सीजन में कंपनी को और भी फायदा हो सकता है।