2019 लेक्सस ES 300h फेसलिफ्ट बीजिंग मोटर शो में होगी दुनिया के सामने पेश, ऑडी A4 को देगी टक्कर
लेक्सस अपनी ES 300h सेडान के फेसलिफ्ट वर्जन को दुनिया के सामने 25 अप्रैल को चीन में होने जा रहे बीजिंग ऑटो शो के दौरान पेश करेगी
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। टोयोटा की लग्जरी कार निर्माता कंपनी लेक्सस अपनी ES 300h सेडान के फेसलिफ्ट वर्जन को जल्द पेश करने जा रही है। कंपनी अपनी अपडेटेड 2019 लेक्सस ES 300h फेसलिफ्ट को दुनिया के सामने 25 अप्रैल को चीन में होने जा रहे बीजिंग ऑटो शो के दौरान पेश करेगी। भारत में इस कार को कब लॉन्च किया जाएगा इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। लेकिन भारत में इसे कंप्लीट्ली बिल्ट यूनिट (CBU) के जरिए उतारा जाएगा।
कंपनी को उम्मीद है कि 2019 ES 300h को बाजार में अच्छी प्रतिक्रियाएं मिलेंगी और भारतीय बाजार में भी इसे जल्द उतारा जाएगा। कंपनी ने इसके मिड-साइकिल में अपडेट किए हैं। लेक्सस की इस कार में कई कॉस्मैटिक बदलाव और नए फीचर्स जोड़े जाएंगे। 2019 लेक्सस ES 300h सेडान की हाल ही में लीक हुई तस्वीर में कार का फ्रंट साफ तौर पर दिखाई दे रहा है, जिसमें कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इस अपडेटेड सेडान में संशोधित हेडलैंप्स के साथ नए स्टाइलिंग LED DRLs लगाए गए हैं।
नई लेक्सस ES 300h में मैकेनिकली कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके टोयोटा के TNGA प्लेटफॉर्म पर ही बनाया गया है, जिसमें टोयोटा एवालॉन को बनाया गया है। पावर स्पेसिफिकेशन्स के तौर पर इसमें 2.5 लीटर फोर-सिलेंडर पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है। भारतीय वर्जन टोयोटा में हाइब्रिड मोटर के साथ संयुक्त पावर 202bhp और टॉर्क 213Nm होगा। इसके साथ ही कंपनी कार का इंजन E-CVT यूनिट से पेयर करेगी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में लेक्सस ES में 3.5 लीटर V6 पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 264bhp की पावर जनरेट करता है।
ऑडी A4 को देगी टक्कर:
2019 लेक्सस ES 300h फेसलिफ्ट का मुकाबला ऑडी A4 से होगा। हाल ही में ऑडी ने भारत में A4 सेडान का डीजल वेरिएंट लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसकी कीमत 40.20 लाख रुपए (दिल्ली एक्स शोरूम) रखी है। आपको बता दें कंपनी ने सितंबर 2016 में इसका पेट्रोल वर्जन लॉन्च किया था। ऑडी A4 में 2.0 लीटर TDI फोर सिलेंडर इंजन लगाया गया है। यह इंजन 7 स्पीड S ट्रॉनिक गियरबॉक्स से लैस है। कार में लगा डीजल इंजन 190hp की पावर और 400Nm का टॉर्क जनरेट करता है। 0 से 100 किमी की रफ्तार पकड़ने में इसे 7.7 सेकंड का वक्त लगता है। ऑडी का दावा है कि नई A4 7.25kmpl का माइलेज देगी जो कि पुराने जनरेशन के मुकाबले 7 फीसदी ज्यादा है। इस कार की टॉप स्पीड 237 kmph है।