2018 हुंडई सैंट्रो भारत में हुई पेश, जानें कैसा है लुक और क्या हैं फीचर्स
हुंडई ने आखिर कार अपनी AH2 हैचबैक के नाम से पर्दा उठा दिया है और कंपनी ने इसका नाम सैंट्रो ही रखा है
नई दिल्ली (सिद्धार्था शर्मा)। करीब 20 साल पहले हुंडई ने अपनी सैंट्रो को भारतीय बाजार में उतारा था और यह कोरियन कार निर्माता कंपनी की हिट कार रही। हुंडई सैंट्रो अपने टॉल ब्वॉय डिजाइन और आकर्षण लुक की तरह जानी जाती थी, लेकिन अब कंपनी ने इसका नया अवतार पेश किया है। हुंडई ने 2018 टॉल ब्वॉय एंट्री लेवल कार का भारत में नामकरण शुरू किया था, जिसमें सबसे ज्यादा नाम हुंडई सैंट्रो के आए है। नई कार के प्रति ऐसी दीवानगी देखते हुए कंपनी ने अपनी AH2 हैचबैक का नाम सैंट्रो ही रखा है। सितंबर 1998 में सैंट्रो को यूरो II मानकों और MPFI के साथ पेश किया गया था। उस समय ज्यादातर कार निर्माता कंपनियां अपनी कारों में कार्ब्यूरेटर आधारित इंजन का ही इस्तेमाल करते थे। इन्हीं 20 वर्षों की सफलता को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने न्यू एज डायनामिक्स के साथ अपनी नई सैंट्रो (AH2) को चेन्नई प्लांट में एक्सक्लूजिव मीडिया प्रिव्यू के लिए पेश किया।
सैंट्रो की भारत में कई वर्षों से प्रतीक्षा की जा रही थी और अब इसने नए अवतार के साथ फिर से वापसी की है। ऑल-न्यू सैंट्रो दुनिया के लिए मेक इन इंडिया कार होगी। इस कार को 23 अक्टूबर, 2018 को आधिकारिक रूप से नई दिल्ली में लॉन्च किया जाएगा।
नई सैंट्रो की पेशकश के दौरान हुंडई के R&D सेंटर के विग्नेश ने कहा, "नई सैंट्रो पूरी तरह भारतीय परिवार के लिए उनकी जररूरतों को ध्यान में रखते हुए बनाई गई है। नई सैंट्रो पुरानी सैंट्रो के मुकाबले लंबी और चौड़ी होगी। इसके साथ ही इसमें ज्यादा व्हीलबेस भी दिया जाएगा। नई सैंट्रो को रियर सीट कम्फर्ट को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। इसमें नया 7-इंच का इन्फोटेनमेंट सिस्टम के साथ एंड्रायड ऑटो और एप्पल कारप्ले भी दिया जाएगा।"
नई सैंट्रो में चार सिलेंडर वाला 1.1 लीटर पेट्रोल मोटर इंजन दिया जाएगा, जो कि ज्यादा माइलेज देने का वादा करता है। यह इंजन 63PS की पावर जेनरेट करेगा। नई सैंट्रो हुंडई की पहली AMT ट्रांसमिशन वाली कार होगी जिसे स्मार्ट ऑटो AMT नाम दिया गया है। इसके साथ ही हुंडई नई सैंट्रो में फैक्ट्री फिटेड CNG का विकल्प भी देगी। कार में इस बार 135cc का AC कम्प्रेसर दिया गया है जो कि कार को पूरी तरह ठंडा करने में सक्षम है। इसके साथ ही नई सैंट्रो में रियर सीट के लिए भी AC वेंट्स दिए गए हैं, जो कि सेगमेंट का पहला फीचर है। हुंडई का दावा है इसका AC कार को पूरी तरह मिनटों में ठंडा कर देगा।
नई सैंट्रो के कुल डिजाइन की बात करें तो कंपनी ने मॉडर्न 2018 को ध्यान में रखते हुए इसमें डिजाइन थीम दी है। इसके डिजाइन में हुंडई की सिग्नेचर कास्कैड ग्रिल के साथ क्रोम की सराउंडिंग की गई है। अगर देश में एंट्री लेवल व्हीकल की बात आती है तो हुंडई सैंट्रो एक आधुनिक अपील और ताजे डिजाइन की भाषा प्रोजेक्ट करती है।
इन सबके अलावा, हुंडई अपनी नई सैंट्रो में 3 साल/1,00,000 kms की वारंटी और रोड साइड असिस्टेंस सुविधा की पेशकश कर रही है। नई सैंट्रो की बुकिंग 10 अक्टूबर से 100 फीसद ऑनलाइन शुरू होगी और यह 22 अक्टूबर 2018 तक चलेगी। बुकिंग के तौर पर कंपनी ने पहले 50,000 ग्राहकों के लिए एक प्रारंभिक प्रस्ताव के रूप में 11,100 रुपये की राशि रखी है।