2018 हुंडई क्रेटा फेसलिफ्ट भारत में अगले महीने हो सकती है लॉन्च, विटारा ब्रेजा से होगा मुकाबला
हुंडई क्रेटा को साउथ अफ्रीका, लैटिन अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, एशिया पैसिफिक, मिडल ईस्ट और कुछ अफ्रीकन बाजारों में निर्यात कर रही है
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। हुंडई मोटर इंडिया ने भारतीय बाजार में कॉम्पैक्ट एसयूवी क्रेटा को जुलाई 2015 में लॉन्च किया था। बाजार में आने के बाद इस 5 सीटर कॉम्पैक्ट एसयूवी को यूवाओं से काफी प्रतिक्रियाएं मिली। इसके अलावा हुंडई की भारत से जितनी भी पैसेंजर कारें निर्यात होती हैं उनमें क्रेटा की संख्या सबसे ज्यादा है। कंपनी क्रेटा को साउथ अफ्रीका, लैटिन अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, एशिया पैसिफिक, मिडल ईस्ट और कुछ अफ्रीकन बाजारों में निर्यात कर रही है।
हुंडई क्रेटा की सफलता का अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि यह भारतीय यूटिलिटी व्हीकल सेगमेंट में मारुति विटारा ब्रेजा के बाद दूसरी सबसे ज्यादा बिकने वाली कार है। अब मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो हुंडई क्रेटा का फेसलिफ्ट वर्जन अगले महीने यानी कि मई महीने में लॉन्च किया जा सकता है। हुंडई ने फेसलिफ्ट क्रेटा को 2016 साओ पाओलो मोटर शो में पेश किया था। भारत में क्रेटा को मई महीने में हलके बदलावों के साथ लॉन्च किया जा सकता है, वहीं इसका नया जनरेशन 2021 तक उतारा जाएगा।
मौजूदा समय में एंट्री-लेवल वेरिएंट हुंडई क्रेटा 9.29 लाख रुपये में उपलब्ध है जो कि 14.55 लाख रुपये (एक्स शोरूम दिल्ली) तक जाता है। फेसलिफ्ट मॉडल आने के बाद यह कार 20,000 से 40,000 रुपये तक महंगी हो सकती है। कंपनी ने इसे इस वक्त 10 वेरिएंट में उतारा है। इसके अलावा कार में तीन इंजन का विकल्प दिया गया है। कंपनी ने इसमें 1.6 लीटर CRDi VGT डीजल इंजन दिया है जो 121bhp की पावर और 265Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन 6 स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन से लैस है। इसके अलावा 1.4 लीटर CRDi डीजल इंजन भी दिया गया है जो 89bhp की पावर और 224Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें 122bhp वाला 1.6 लीटर डुअल VTVT पेट्रोल इंजन भी दिया गया है।
मारुति विटारा ब्रेजा से होगा मुकाबला:
हुंडई क्रेटा का मुकाबला मारुति विटारा ब्रेजा से है। भारत में विटारा ब्रेजा को 6 वेरिएंट्स के साथ उतारा गया है। देश में सबसे ज्यादा बिकने वाली टॉप 10 यूटिलिटी व्हीकल्स में विटारा ब्रेजा का नाम सबसे पहले रहा है। विटारा ब्रेजा केवल डीजल इंजन में उपलब्ध है जिसमें 1.3 लीटर का DDiS डीजल इंजन लगा है। यह 88.5bhp की पॉवर और 190Nm का टार्क देता है। इसके अलावा विटारा 5 स्पीड मैन्युअल ट्रांसमिशन के साथ में आती है। लेकिन अभी तक इसमें ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन की सुविधा नहीं मिली है। एक लीटर में यह SUV 24.3kmpl का माइलेज निकाल देती है। विटारा ब्रेजा की दिल्ली में एक्स-शो रूम कीमत 7.28 लाख रुपये से लेकर 9.95 लाख रुपये तक है।