ठंड से पहले बाइक में करवा लें ये 8 चीजें, एक सेल्फ में होगी स्टार्ट और माइलेज भी रहेगा बरकरार
सर्दियों से पहले इंजन ऑयल, बैटरी, टायर, ब्रेक, लाइट, चेन, स्पार्क प्लग और फ्यूल टैंक की जांच कराएं। इससे आपको सेफ राइडिंग और बेहतर माइलेज मिलेगा।

ठंड में भी बाइक देगी शानदार माइलेज

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। सर्दियों का मौसम आते ही बाइक राइडर्स को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। वहीं, ठंडे तापनान और नमी का असर बाइक के इंजन, बैटरी, टायर औऱ बाकी जरूरी पार्ट्स पर पड़ सकता है। इन चीजों पर ठंड का असर पड़ने से पहले आपको इनकी जांच और जरूरी सर्विस करा लेना चाहिए। इससे ठंड के मौसम में बाइक स्टार्ट करने में होने वाली परेशानी से बचने, बेहतर राइडिंग और शानदार माइलेज बनाए रखने में मदद मिलती है। आइए विस्तार में जानते हैं कि ठंड शुरू होने से पहले मोटरसाइकिल में किन 8 चीजों को ठीक कराना चाहिए और उससे क्या फायदा मिलता है।
ठंड में भी बाइक देगी शानदार माइलेज
1. इंजन ऑयल और फिल्टर
सर्दियों में कम तापमान के कारण इंजन ऑयल अधिक गाढ़ा हो सकता है। इससे इंजन के अंदर मौजूद पुर्जों तक ऑयल पहुंचने में समस्या आ सकती है। इसलिए अगर आपकी मोटरसाइकिल की सर्विस का समय हो गया है या इंजन ऑयल पुराना हो चुका है, तो इसे जरूर बदलवा लें। इंजन के लिए कंपनी की तरफ से बताए गए ऑयल का इस्तेमाल करें। इसके साथ ही इंजन ऑयल फिल्टर भी बदलवाएं। जब आप सही समय पर इंजन ऑयल और फिल्टल को बदलवाते हैं, तो सुबह बाइक स्टार्ट करने में होने वाली परेशानी कम करने में मदद मिल सकती है।
2. बैटरी की स्थिति और कनेक्शन
ठंड के मौसम में बैटरी की कैपेसिटी कम हो सकती है। ऐसे में कमजोर बैटरी वाली मोटरसाइकिल को स्टार्ट करने में परेशानी आ सकती है। सर्दियां शुरू होने से पहले बैटरी की चार्जिंग और उसकी स्थिति की जांच करा लें। इसके अलावा, बैटरी के टर्मिनल्स पर गंदगी या जंग जमा होने को भी चेक करवा लें। जरूरत पड़ने पर टर्मिनल्स को साफ कराएं और जंग से बचाव के लिए सही ग्रीस का इस्तेमाल करें। बैटरी के कनेक्शन सही रहने से बाइक के इलेक्ट्रिकल सिस्टम को ठीक तरह से काम करने में बहुत मदद मिलती है।
3. टायर प्रेशर और ग्रिप
ठंडे मौसम में टायरों का एयर प्रेशर कम हो सकता है। इसलिए नियमित रूप से टायर प्रेशर चेक करें और मोटरसाइकिल में एयर प्रेशर को सही रखें। टायर में कम हवा होने से माइलेज पर असर पड़ता है और बाइक को संभालने में भी परेशानी आती है। इसके साथ ही दोनों टायरों की ट्रेड डेप्थ यानी सतह पर बनी खांचों की गहराई को चेक करें। सर्दियों में धुंध, नमी और गीली सड़कों के कारण फिसलन बढ़ जाती है। ऐसे में अच्छी स्थिति वाले टायर सड़क पर बेहतर पकड़ बनाए रखने में मदद करते हैं। अगर मोटरसाइकिल के टायर ज्यादा घिस चुके हैं, तो उन्हें जल्द से जल्द बदलवा लें।
4. ब्रेक सिस्टम चेक करवाएं
ठंड में धुंध और गीली सड़कों पर चलते समय सुरक्षित राइडिंग के लिए ब्रेक का सही तरीके से काम करना बेहद जरूरी है। इसलिए बाइक के ब्रेक पैड, ब्रेक केबल और ब्रेक फ्लुइड को चेक करवा लें। अगर ब्रेक लगाने पर असामान्य आवाज आती है या ब्रेक की प्रतिक्रिया पहले जैसी नहीं है, तो मैकेनिक से इसकी जांच कराएं। ब्रेक सिस्टम में किसी तरह की खराबी मिलने पर समय रहते उसे ठीक करवाएं। ब्रेक फ्लुइड की स्थिति और लेवल को भी अच्छे से चेक करवाएं। अच्छी तरह काम करने वाला ब्रेक सिस्टम सड़क पर अचानक रुकने की जरूरत पड़ने पर मददगार साबित होता है।
5. हेडलाइट, इंडिकेटर और हॉर्न
सर्दियों में धुंध के कारण सड़क पर देखने और दूसरे वाहन चालकों को अपनी मौजूदगी का संकेत देने में परेशानी हो सकती है। साथ ही, जल्दी अंधेरा होने के कारण लाइटों का सही तरीके से काम करना और भी जरूरी हो जाता है। इसलिए बाइक की हेडलाइट, टेललाइट, दोनों तरफ के इंडिकेटर और हॉर्न की जांच जरूर करें। अगर कोई लाइट ठीक से काम नहीं कर रही है या उसकी रोशनी कमजोर हो गई है, तो उसे ठीक कराएं। रात में या कम विजिबिलिटी वाली परिस्थितियों में सफर करते समय ये सभी चीजें आपकी सेफ्टी में अहम भूमिका निभाने का काम करती है।
6. चेन की सफाई और लुब्रिकेशन
मोटरसाइकिल की चेन पर धूल और गंदगी जमा होने के साथ-साथ नमी के कारण जंग लगने की आशंका भी बढ़ जाती है। गंदी या ठीक से लुब्रिकेट न की गई चेन बाइक की राइडिंग पर असर डालती है। इसलिए सर्दियां शुरू होने से पहले चेन की सफाई कराएं और जरूरत के अनुसार उसे लुब्रिकेट करवाएं। चेन का तनाव यानी टेंशन भी जांचना जरूरी है। चेन बहुत ढीली या ज्यादा कसी हुई होने पर परेशानी हो सकती है। सही तरीके से रखरखाव करने से चेन की उम्र बढ़ाने और मोटरसाइकिल को स्मूथ चलाने में मदद मिल सकती है।
7. स्पार्क प्लग चेक करें
स्पार्क प्लग मोटरसाइकिल के इंजन में इग्निशन प्रक्रिया के लिए जरूरी होता है। अगर स्पार्क प्लग पुराना, गंदा या खराब हो गया है, तो बाइक स्टार्ट करने में परेशानी हो सकती है। ठंड में सुबह मोटरसाइकिल स्टार्ट होने में दिक्कत आ रही हो, तो स्पार्क प्लग की जांच कराना बेहद जरूरी हो जाता है। हालांकि, हर बार परेशानी होने पर स्पार्क प्लग बदलना जरूरी नहीं है। पहले उसकी स्थिति की जांच कराएं और जरूरत होने पर ही नया स्पार्क प्लग लगवाएं। समय पर खराबी दूर करने से इंजन की इग्निशन प्रक्रिया को सही बनाए रखने में मदद मिलती है।
8. फ्यूल टैंक में नमी न होने दें
फ्यूल टैंक में लंबे समय तक कम फ्यूल रहने पर उसके अंदर नमी बनने की आशंका हो सकती है, जिससे जंग लगने का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए सर्दियों में फ्यूल टैंक को बहुत कम फ्यूल के साथ लंबे समय तक खाली न छोड़ें। हालांकि, टैंक को हर समय पूरी तरह भरा रखना जरूरी नहीं है। आप अपनी जरूरत के अनुसार फ्यूल भरवा सकते हैं और टैंक को लंबे समय तक लगभग खाली छोड़ने से बच सकते हैं। अगर आप ऐसा करते हैं, तो फ्यूल टैंक में नमी नहीं लगेगी और उससे आपको किसी तरह के लिकेज की समस्या नहीं होगी।
