वैज्ञानिकों ने कहा, सुपर अर्थ पर हो सकते हैं एलियन
टोरंटो यूनिवर्सिटी, कनाडा के वैज्ञानिकों का कहना है कि पथरीली सतह वाले इस ग्रह पर जीवन होने की संभावना अधिक है।
टोरंटो, प्रेट्र : पृथ्वी से 111 प्रकाश वर्ष दूर स्थित 'के2-18बी' ग्रह पर एलियन जीवन की संभावना है। यह ग्रह पृथ्वी की तरह लेकिन आकार में कई गुना बड़ा है। इस कारण इसे सुपर अर्थ भी कहा जाता है। टोरंटो यूनिवर्सिटी, कनाडा के वैज्ञानिकों का कहना है कि पथरीली सतह वाले इस ग्रह पर जीवन होने की संभावना अधिक है।
शोध के दौरान यूरोपीय दक्षिणी वेधशाला से जुटाई गई जानकारी का अध्ययन किया गया। इस दौरान वैज्ञानिकों ने के2-18 नामक बौने तारे का चक्कर लगाने वाले एक और ग्रह की भी खोज की। मुख्य शोधकर्ता रेयान क्लोटियर ने कहा, 'के2-18बी के भार और घनत्व का पता लगाने में सफल होने के साथ अन्य ग्रह को ढूंढ़ निकालना रोमांचकारी था।
2015 में के2-18 बी की खोज के वक्त पाया गया था कि यह ग्रह अपने तारे से ठीक उतनी दूरी पर है, जितना रहने योग्य वातावरण के लिए जरूरी है। यहां पर पानी भी होने की संभावना है जो जीवन के लिए सबसे महत्वपूर्ण तत्व है।' शोधकर्ताओं के अनुसार के2-18 बी अब वायुमंडलीय अध्ययन के लिहाज से अहम हो जाएगा।
यह भी पढ़ेंः जापानी लड़कियों की लाइफ से दूर हो रहा LOVE, जानिए क्या है वजह