ट्रंप ने एक बार फिर इस तरह उड़ाया हिलेरी क्लिंटन का मजाक
पिछले राष्ट्रपति चुनाव में हिलेरी को ट्रंप के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। अब अगले चुनाव को लेकर भी ट्रंप ने उनको ललकारा है।
वाशिंगटन, आइएएनएस। अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन इन दिनों पिछले राष्ट्रपति चुनाव में मिली हार का कारण गिनाने में लगी हुई हैं। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हिलेरी का मजाक उड़ाते हुए उन्हें 2020 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में एक बार फिर उनके खिलाफ खड़े होने को प्रोत्साहित किया है। गौरतलब है कि पिछले राष्ट्रपति चुनाव में हिलेरी को ट्रंप के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
ट्रंप ने एक न्यूज कॉन्फ्रेंस में कहा कि हिेलेरी को पिछले राष्ट्रपति चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था, क्योंकि वह एक अच्छी उम्मीदवार नहीं थीं। उन्होंने कहा, 'मैं उम्मीद करता हूं कि वह चुनाव लड़ेगी। क्या वह लड़ने जा रही हैं? हिलेरी, प्लीज फिर से चुनाव में उतरिए।'
2016 में हुए राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप ने आश्चर्यजनक रूप से जीत हासिल की थी। वहीं हाल ही में हिलेरी ने कहा था कि उनकी हार के लिए बाहरी कारक जिम्मेदार थे। हालांकि ट्रंप ने कहा, 'राष्ट्रपति चुनाव में हिलेरी की हार के पीछे कई कारण हैं। वह जितना दावा करती हैं, उतनी अच्छी नहीं हैं।'
ट्रंप ने हिलेरी पर निशाना साधते हुए कहा कि अपनी हार के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराना एक बहाना है। आपको बता दें कि हिलेरी ने खुफिया रिपोर्टो का हवाला देते हुए कहा था कि पुतिन ने 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में उन्हें नुकसान पहुंचाने और ट्रंप अभियान को बढ़ावा देने के लिए रूसी अभियान को प्रत्यक्ष निर्देश दिया था।
ट्रंप ने राष्ट्रगान का अपमान करने वाले एनएफएल खिलाड़ियों का हिलेरी द्वारा किए बचाव की आलोचना भी की। ये खिलाड़ी राष्ट्रगान के दौरान विरोध जताने के लिए अपने घुटनों पर बैठ गए थे। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि राष्ट्रगान के दौरान घुटनों पर बैठना हमारे देश के लिए अपमानजनक था।। लोग एनएफएल से भी नाराज हैं। उस पर, आप जो कह रहे हैं, ऐसा लगता है कि वह गलत को सही ठहरा रहा है। लोग इसे लेकर बहुत नाराज हैं।'
यह भी पढ़ें: उत्तर कोरिया ने चेताया, किसी भी क्षण हो सकता है परमाणु युद्ध