कोई तानाशाह अमेरिका को नहीं डरा सकता: डोनाल्ड ट्रंप
अपने एशिया दौरे की शुरुआत करते ही ट्रंप ने उत्तर कोरिया पर हमला बोला है।
टोक्यो (एएफपी/रायटर)। अपने 12 दिवसीय एशिया दौरे की जापान से शुरुआत करते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कर दिया कि उत्तर कोरिया उनके फोकस पर है। योकोता वायुसैनिक अड्डे पर उतरने के बाद सैनिकों को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा- कोई तानाशाह, कोई सत्ता, कोई देश और दुनिया में कोई भी अमेरिका को हल्के में नहीं ले सकता। अमेरिका को डरा नहीं सकता। बीते समय में जिसने भी इस तरह की कोशिश की उन्हें उसका दुष्परिणाम भुगतना पड़ा। हम अपनी आजादी, अपने लोगों की सुरक्षा से समझौता नहीं करेंगे, महान अमेरिकी झंडा कभी झुकने नहीं देंगे। इस भाषण के दौरान ट्रंप सैन्य जैकेट पहने हुए थे।
रविवार से प्रारंभ ट्रंप के एशिया दौरे से पहले ही परमाणु हथियारों से लैस अमेरिकी बमवर्षकों ने कोरियाई प्रायद्वीप के ऊपर उड़ान भरकर उत्तर कोरिया पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। ट्रंप जापान से दक्षिण कोरिया जाएंगे, जिससे उत्तर कोरिया की दशकों पुरानी तनातनी है। इससे पहले अपने विशेष विमान में संवाददाताओं से वार्ता में ट्रंप ने कहा कि उत्तर कोरिया उनके देश के लिए ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए बड़ी समस्या है। वह इस समस्या के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मदद चाहते हैं। इसके लिए वह उनसे मुलाकात कर सकते हैं। ट्रंप ने इस दौरान उत्तर कोरिया की जनता के लिए सद्भावना व्यक्त की लेकिन नेता किम जोंग उन को लेकर उनके आक्रामक तेवर बने रहे।
एबी के साथ गोल्फ खेलेंगे ट्रंप
पत्नी मेलानिया के साथ जापान आए ट्रंप उत्तर कोरिया को लेकर उपजे तनाव से दूर कुछ देर के लिए प्रधानमंत्री शिंजो एबी के साथ गोल्फ भी खेलेंगे। यह गोल्फ मुकाबला पिकोतारो के नाइन होल्स वाले बड़े मैदान में होगा। जापान में ट्रंप तीन दिन तक रुकेंगे। एबी ने कहा, राष्ट्रपति ट्रंप के दौरे से दोनों देशों के संबंधों में और मजबूती आएगी। दोनों देशों के आपसी विश्वास में इजाफा होगा। जवाब में ट्रंप ने जापान को अमेरिका का खास सहयोगी बताया।
यह भी पढ़ें: जापान की सरजमीं से ट्रंप ने चेताया, कोई भी 'तानाशाह' अमेरिका को कम न आंके
यह भी पढ़ें: US से बातचीत नहीं करेगा उत्तर कोरिया, बढ़ा रहा परमाणु हथियार