वैश्विक विचारकों की लिस्ट में शीर्ष पर भारतीय-अमेरिकी सीनेटर हैरिस
एक अमेरिकी पत्रिका में 50 शख्सियतों वाले वैश्विक विचारकों की लिस्ट में भारतीय अमेरिकी कमला हैरिस को पहला स्थान दिया गया है।
वाशिंगटन (प्रेट्र)। फॉरेन पॉलिसी मैगजीन में प्रकाशित वर्ष 2017 के 50 अग्रणी वैश्विक विचारकों की लिस्ट में भारतीय-अमेरिकी कैलिफोर्निया सीनेटर कमला हैरिस शीर्ष पर हैं, इसमें संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की राजदूत निकी हैली भी हैं।
हैरिस व हैली के अलावा इस लिस्ट में भारतीय मूल के कॉमेडियन हसन मिन्हाज भी हैं। इस लिस्ट में ऐसे शख्सियतों को शामिल किया गया है जिन्होंने अपने तरीके से अनेक मुद्दों पर अपनी छाप छोड़ी है।
वैश्विक विचारकों की वार्षिक लिस्ट जारी करते हुए फॉरेन पॉलिसी ने कहा, ‘ये ऐसी शख्सियतें हैं जिन्होंने 2017 को पारिभाषित किया।‘ हर साल इस लिस्ट में 100 लोगों के नाम होते थे जो इस वर्ष 50 ही हैं। इस लिस्ट में सबसे ऊपर 53 वर्षीय हैरिस हैं जिन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शासन में डेमोक्रेटिक पार्टी को उम्मीद दिया। अमेरिकी सीनेट में नाम दर्ज कराने वाली भारतीय मां और जमाइका मूल के पिता की बेटी हैरिस पहली भारतीय अमेरिकी महिला हैं।
इस लिस्ट में दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति मून जे दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने वहां प्रजातांत्रिक नेतृत्व को दोबारा लाने की कोशिश की।
‘न्यू ब्राउन अमेरिका’ को पारिभाषित करने के लिए पॉपुलर कॉमेडियन मिन्हाज (32) को तीसरे स्थान पर रखा गया है। इस साल के आरंभ में वे पहले भारतीय अमेरिकी थे जिन्हें व्हाइट हाउस में डिनर की मेजबानी की जिम्मेवारी सौंपी गयी। राष्ट्रपति के कैबिनेट में पहली भारतीय अमेरिकी पूर्व साउथ कैरोलिना की गवर्नर हैली (45) को भी इस लिस्ट में रखा गया है।
मैगजीन के एडिटर-इन-चीफ ने बताया, ‘ये शख्सियतें न केवल हमारी दुनिया को फिर से सोच रही हैं बल्कि इसे फिर से नया स्वरूप दे रही हैं। इन्होंने 2017 को पारिभाषित किया। इस लिस्ट में चेल्सिया मैनिंग, ट्रंप के पूर्व सहयोगी स्टीफन बैनॉन और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन भी हैं।‘
यह भी पढ़ें: फोर्ब्स के 50 अमीर परिवारों की सूची में दाखिल हुआ मुकेश अंबानी परिवार