हल्दिया में शराबियों ने पुलिस को पीटा, दो पुलिसकर्मी जख्मी
संवाद सूत्र, हल्दिया : पूर्व मेदिनीपुर जिला अंतर्गत हल्दिया में शराब पीकर हुड़दंग का विरोध कर
संवाद सूत्र, हल्दिया : पूर्व मेदिनीपुर जिला अंतर्गत हल्दिया में शराब पीकर हुड़दंग का विरोध करने पर शराबियों द्वारा पुलिस की पिटाई का मामला प्रकाश में आया है। पिटाई से दो पुलिसकर्मी जख्मी भी हुए हैं। मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक हल्दिया थाना क्षेत्र का तेरोचक काफी पॉश इलाका माना जाता है। यहां स्थानीय नपाध्यक्ष देवप्रसाद मंडल व अपर पुलिस अधीक्षक काजी शमशुद्दीन अहमद के बंगले हैं। रविवार की रात पुलिस गश्त कर रही थी, तभी उनकी नजर मोड़ पर शराब पी रहे 10-12 लोगों पर पड़ी। बताया जाता है कि चेतावनी देकर पुलिस आगे बढ़ी ही थी कि तभी शोर मचाने की आवाज आयी। इस पर एक जवान समीरन माईती ने जीप से उतर कर ऐतराज जताया। आरोप है कि इससे नाराज एक शराबी ने माईती की आंख में घूंसा मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इस पर फकीर महतो नामक एक और जवान जीप से उतर कर बीच-बचाव को गया, लेकिन शराबियों ने उसकी भी बुरी तरह से पिटाई की। आखिरकार स्थानीय चौकी से रवाना हुई विशाल पुलिस वाहिनी के पहुंचने पर शराबी भाग खड़े हुए। पुलिस ने अभियान चला कर कमल दे, विश्वजीत मंडल और असीम मन्ना को गिरफ्तार किया। हल्दिया के अपर पुलिस अधीक्षक काजी शमशुद्दीन अहमद ने कहा कि मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कुछ अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।