गृहवधू पर अत्याचार के खिलाफ छात्राओं का जुलूस
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : राजस्थान में दहेज के लिए कुछ दिनों पहले ससुराल वालों द्वारा एक गृहवध
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : राजस्थान में दहेज के लिए कुछ दिनों पहले ससुराल वालों द्वारा एक गृहवधू पर किए गए अत्याचार के खिलाफ पश्चिम मेदिनीपुर जिले में भी छात्राओं ने अपना मोर्चा खोला। शुक्रवार को मेदिनीपुर में राजा नरेंद्र लाल खान कॉलेज की छात्राओं ने इस मुद्दे को लेकर जुलूस निकाला। जुलूस में कॉलेज की कई छात्राएं शामिल हुईं। जुलूस को विद्यासागर विश्वविद्यालय तक ले जाया गया। कॉलेज की छात्र संसद अध्यक्ष देवलीना चक्रवर्ती ने कहा कि कुछ दिनों पहले राजस्थान में दहेज के लिए ससुराल वालों ने अपने ही घर की एक बहू के ऊपर अत्याचार किया। यहां तक गृहवधू के माथे पर गोदने से यह भी लिख दिया गया कि उसका बाप चोर है। इसके अलावा शरीर पर कई आपत्तिजनक बाते भी लिखी गई, जिसका हम छात्राएं पुरजोर विरोध कर रही हैं। इस मामले में दोषियों के खिलाफ राजस्थान की पुलिस सख्त कार्रवाई करे। यही हमारी मांग है। इसके अलावा अत्याचार की शिकार महिला के पुनर्वास पर भी प्रशासन को जोर देना चाहिए।