वामपंथियों ने मनाई लेनिन की 148वीं जयंती
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : रूस में सर्वहारा क्रांति के जनक माने जाने वाले व्लादिमीर लेनिन की 148व
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : रूस में सर्वहारा क्रांति के जनक माने जाने वाले व्लादिमीर लेनिन की 148वीं जयंती के मौके पर पश्चिम मेदिनीपुर जिले में भी शनिवार को वामपंथियों की ओर से विभिन्न आयोजन किए गए। इसी क्रम में बेलदा, जामबनी व दासपुर में माकपा की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। दूसरी ओर मेदिनीपुर शहर अंतर्गत मीर बाजार स्थित माकपा जिला कार्यालय से शनिवार की सुबह जुलूस निकाला गया। शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए जुलूस वापस पार्टी कार्यालय पहुंच कर सभा में तब्दील हो गया।
पार्टी कार्यालय में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए माकपा के जिला सचिव तरुण राय ने कहा कि लेनिन ने उत्पादन की पूंजीवादी विधि के उस विश्लेषण को जारी रखा जिसे मार्क्स ने पूंजी में किया था। साम्राज्यवाद की परिस्थितियों में आर्थिक तथा राजनीतिक विकास के नियमों को उजागर किया। लेनिनवाद की सृजनशील आत्मा समाजवादी क्रांति के उनके सिद्धांत में व्यक्त हुई है। लेनिन ने प्रतिपादित किया कि नई अवस्थाओं में समाजवाद पहले एक या कुछ देशों में विजयी हो सकता है। उन्होंने साम्यवादी समाज के निर्माण पर जोर दिया था। इधर रवींद्र नगर स्थित भाकपा कार्यालय में भी लेनिन जयंती का पालन किया गया। पार्टी के जिला सचिव संतोष राणा व तपन गांगुली समेत अन्य नेताओं ने लेनिन के चित्र पर माल्यदान किया।