पाकसु के सम्मेलन में गरजे श्रमिक नेता
विद्यासागर सभागार में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के श्रमिक संगठन पाक
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : विद्यासागर सभागार में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के श्रमिक संगठन पाकसु का सम्मेलन आयोजित किया गया। इस अवसर पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मन्मथ विश्वास, जिलाध्यक्ष शंकर दास तथा भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष धीमान कोले समेत बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभा के दौरान मेदिनीपुर के हरीशपुर निवासी माकपा सदस्य धीरेन राणा और तृणमूल कांग्रेस नेता कालीपद के भाजपा में शामिल होने की घोषणा की गई। दोनों को दलीय ध्वज देकर उनका दल में स्वागत किया गया। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में हर सर्मपित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं का स्वागत है। हम सब का साथ सब का विकास में विश्वास रखते हैं। अच्छी बात है कि बड़ी संख्या में लोग हमसे जुड़ रहे हैं। वे लोग भी जो साधारणत: हमसे दूर रहते थे, अब हमारी ओर आकृष्ट हो रहे हैं। असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की चर्चा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार इस वर्ग के लिए कुछ भी नहीं कर रही है। केंद्र जो राशि इस वर्ग के लिए दे रहा है, उसका भी उपयोग नहीं किया जा रहा है। इसके खिलाफ बड़े पैमाने पर आंदोलन होगा।