हमले में पड़ोसन की हालत गंभीर
संवाद सूत्र, मालदा : विवाद एक छोटी सी घटना को लेकर शुरु हुआ जिसके बाद वह दो परिवारों के बीच हिंसक घटना में तब्दील हो गया। यह घटना मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर थानांतर्गत भालुका ग्राम पंचायत अंतर्गत फतहपुर में घटी है। पड़ोसी की बकरी अक्सर फसल को नुकसान पहुंचा रही थी। घटना के रोज पड़ोसन ने बकरी को पकड़कर उसे खोआर में डाल दिया। इसी के बाद पड़ोसी सुबल राय ने महिला पर कंप्यूटर के मानिटर से हमला कर दिया। इसमें महिला की दाहिनी आंख क्षतिग्रस्त हुई है। फिलहाल पीड़िता मालदा मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में भर्ती है जहां उसकी स्थिति गंभीर है। उसका नाम शांति पासवान 42 बताया गया है। वह भी फतहपुर की निवासी है। उनके पति नारायण पासवान ने बताया कि आए दिन पड़ोसी और आरोपी सुबल राय की बकरी उनकी फसल को नष्ट कर रही थी। इसकी शिकायत कई बार सुबल राय से की गई लेकिन उन्होंने उसे अनसुना कर दिया। इसके बाद घटना के रोज उनकी पत्नी ने आजिज आकर बकरी को पकड़कर उसे गांव के ही खोआर में बांध दिया। इस बात की खबर जब सुबल राय को मिली तो वह आग बबूला हो गया। उसने शांति पासवान के कमरे में घुसकर उन पर कंप्यूटर के मानिटर से वार करना शुरु किया। हमले में शांति पासवान की दाहिनी आंख बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसके बाद पड़ोसियों ने पीड़िता को मालदा मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना के संबंध में जिले के एसपी प्रसून बनर्जी बताया कि आरोपी पड़ोसी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में है।