गिरफ्तार किए गए रांची के प्रधान आयकर आयुक्त तापस दत्ता
रांची के प्रधान आयकर आयुक्त तापस दत्ता को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआइ) ने गिरफ्तार कर लिया है।
कोलकाता, [जागरण संवाददाता]। रांची के प्रधान आयकर आयुक्त तापस दत्ता को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआइ) ने गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार की सुबह 9 बजे से गुरुवार की सुबह 3 बजे तक करीब 30 घंटे तक तापस के साल्टलेक स्थित मकान में तलाशी अभियान चलाने के बाद सीबीआइ की टीम ने तापस को गिरफ्तार किया है।
उन्हें रांची के कोर्ट में पेश किया जाएगा। सीबीआइ सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की रात साल्टलेक के एचबी 12/1 ब्लॉक में स्थित घर में सीबीआइ की 3 टीम ने तलाशी अभियान चलाया। इसमें एक महिला समेत 7 अधिकारी शामिल थे। 3 बजे के करीब जांच अधिकारियों की टीम बड़े से लाल बैग में उनके घर से बरामद रुपये, गहने, प्रिंटर, हार्ड डिस्क आदि को लेकर टीम रवाना हुई।
उल्लेखनीय है कि वित्त वर्ष 2016 से 17 के दौरान कोलकाता के एक सीए की मदद से 5 कारोबारियों ने फर्जी कंपनी के जरिए लाखों के कालेधन को कोलकाता, हजारीबाग और रांची से हस्तानांतरण करके सफेद किया था। इन लोगों से भारी घूस लेकर इनकी आयकर फाइल को तापस ने दो आइटीओ तथा अतिरिक्त आयकर आयुक्त की मदद से भारी घूस लेकर छूट दे दी थी।
इसी मामले की जांच में उतरी सीबीआइ की टीम ने इन सभी 10 लोगों समेत कई अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। बुधवार को तापस को रांची आइटीओ के गेस्ट हाउस में सीबीआइ की टीम ने सारादिन सारादिन व सारी रात रोककर पूछताछ की थी व उनके बयान के आधार पर साल्टलेक स्थित घर में तलाशी अभियान चलाया। यहां से 3.5 करोड़ रुपये नगद व 5 किलो सोने के गहने बरामद हुए हैं। सीबीआइ ने इसे जब्त कर लिया है।