कमल क्लब का विरोध करेंगे मानकी-मुंडा
संवाद सूत्र, गोईलकेरा : कोल्हान पोड़ाहाट मानकी-मुंडा संघ अंचल समिति का एक दिवसीय सम्मेलन ग
संवाद सूत्र, गोईलकेरा : कोल्हान पोड़ाहाट मानकी-मुंडा संघ अंचल समिति का एक दिवसीय सम्मेलन गुरुवार को गोइलकेरा के प्लस टू हाई स्कूल में संपन्न हुआ। सम्मेलन में कमल क्लब के गठन का विरोध करने का निर्णय लिया गया। संघ ने इसे स्वशासन व्यवस्था को खत्म करने की सरकारी साजिश करार दिया। साथ ही इसके विरोध में जोरदार आंदोलन करने का निर्णय लिया। सम्मेलन में जमीन का ऑनलाइन मालगुजारी रसीद काटने और स्थानीय नीति का पुरजोर विरोध किया गया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि मानकी मुंडा संघ अनुमंडल समिति अध्यक्ष जोहन मानकी ने कहा कि सरकार पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था को समाप्त करने की साजिश कर रही है। ग्राम सभा को गौण करने की नीयत से गांवों में कमल क्लब का गठन सरकार के स्तर से किया जा रहा है। संघ इसका विरोध करता है। अगले महीने से संघ के प्रतिनिधि कोल्हान पोड़ाहाट के प्रत्येक गांव का दौरा कर सरकार की जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश करेंगे। सोनुवा गुदड़ी अंचल अध्यक्ष बिरसा मुंडा ने कहा कि जाति, आय, आवासीय आदि प्रमाण पत्र निर्गत करने का अधिकार मानकी मुंडा को दिया जाए। स्थानीय नीति में संशोधन की मांग को लेकर हम ठोस रणनीति के तहत आंदोलन करेंगे।
आठ सूत्री प्रस्ताव पारित
सम्मेलन में आठ सूत्री प्रस्ताव पारित किया गया। मानकी मुंडा संघ ने पिछले साल गोइलकेरा व आनंदपुर प्रखंड क्षेत्र में ओलावृष्टि से हुए नुकसान के लिए किसानों को मुआवजा देने की मांग की। वहीं अनुमंडल स्तर पर सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया। मौके पर सीएनटी एक्ट में संशोधन का भी विरोध करने का निर्णय लिया गया। मौके पर सुखमति कोडाह, सत्यानंद लोमगा, मंगल ¨सह पुरती, लक्ष्मण लागुरी, लक्ष्मण चांपिया, साधुचरण कोडाह, डाय¨सह अंगरिया समेत काफी संख्या में मानकी मुंडा उपस्थित थे।