Move to Jagran APP

ममता ने फूंका चुनावी बिगुल

ममता बनर्जी ने अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव व 2019 के लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया है।

By Sachin MishraEdited By: Published: Fri, 21 Apr 2017 04:12 PM (IST)Updated: Sat, 22 Apr 2017 10:46 AM (IST)
ममता ने फूंका चुनावी बिगुल
ममता ने फूंका चुनावी बिगुल

जागरण संवाददाता, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के सांगठनिक चुनाव के मंच से पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने शुक्रवार को अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव व 2019 के लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया। महानगर के नेताजी इंडोर स्टेडियम में हुए सांगठनिक चुनाव में अगले छह वर्षों के लिए फिर से निर्विरोध चेयरपर्सन निर्वाचित होने के बाद ममता ने उसी मंच से पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को पंचायत व लोकसभा चुनाव के लिए अभी से पूरी तरह तैयार होने का निर्देश दिया। साथ ही, स्पष्ट कहा कि भाजपा को बंगाल से शून्य करना होगा। 

loksabha election banner

भाजपा बंगाल में जिस तेजी से अपना विस्तार कर रही है, इसका प्रमाण ममता के भाषण में ही मिला। उन्होंने अपने 40 मिनट के भाषण में अधिकांश समय सिर्फ भाजपा व केंद्र की मोदी सरकार पर ही हमला बोला। माकपा का सिर्फ एक बार नाम लिया और उसे भी बता दिया कि वह दिन में वाम व रात में भाजपा हो जाती है। ममता ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा-'मुझे अपने धर्म पर गर्व है। मुझे सभी धमरें पर गर्व है। हिंदू धर्म सहिष्णुता सिखाता है। भाजपा हिंदुत्व को बदनाम कर रही है।

हिंसा धर्म नहीं हो सकता' उन्होंने आगे कहा-'भाजपा लोगों को धार्मिक पहचान के आधार पर बांट रही है। हम सभी धमरें का सम्मान करते हैं, लेकिन मानवता हमारी सबसे बड़ी पहचान है। इसके साथ ही ममता ने कहा कि यह समय की मांग है कि सभी क्षेत्रीय दल राष्ट्र हित में साथ आएं।' भाजपा से निपटने के लिए ममता ने पार्टी कार्यकर्ताओं को तीन मंत्र दिए।

पहला नारद स्टिंग आपरेशन से कैसे निपटा जाएगा, दूसरा भाजपा के राम नाम की राजनीति की काट क्या होगी और तीसरा पंचायत और लोकसभा चुनाव में पार्टी की रणनीति क्या होगी। ममता ने पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं को भाजपा की हरेक गतिविधि पर नजर रखने और उन्हें बूथ स्तर से लेकर ब्लॉक स्तर तक की जानकारी देने को कहा। नेताजी इंडोर स्टेडियम में 10 राज्यों के करीब चार हजार पार्टी नेता व कार्यकर्ता जुटे।

नारद कांड में फंसे नेताओं को मंच पर एक साथ खड़ा कर दिया साथ का भरोसा
नारद कांड को लेकर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में जो आशंका व्याप्त हैं, उसे दूर करने की भी ममता ने इस दिन भरसक कोशिश की। रोजवैली कांड में गिरफ्तार सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय का नाम लेते हुए उन्होंने कहा कि सुदीप को बेवजह जेल में कैद किया गया है। वे जेल से वीर की तरह निकलेंगे। नारद मामले में फंसे नेताओं को खड़ा कराते हुए ममता ने कहा-'जितने भी जेल बना लो, सारे मंत्रियों को जेल में भर दो, लेकिन कितना बड़ा जेल बनाओगे, एक दिन आएगा जब जेल का खेल खत्म हो जाएगा।'

भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए ममता ने कहा कि वह सत्ता की अहंकार में ये सब कर रही है और 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले उनके सारे मंत्रियों को जेल में भरने की साजिश रच रही है। वो देश की राजनीति को बर्बाद कर रही है। सवाल यह है कि चुनाव प्रचार के लिए भाजपा के पास इतना पैसा कहां से आता है?

सीबीआइ को बताया केंद्र की पालतू
सीबीआइ पर तंज कसते हुए ममता बोली-'मैं सीबीआइ का सम्मान करती हूं लेकिन यह सीबीआइ पहले वाली नहीं रह गई है बल्कि केंद्र की पालतू बनकर रह गई है।'
अंत में उन्होंने नया नारा लगाया और मौजूद नेताओं व कार्यकर्ताओं से भी लगवाया 'हमसे जो टकराएगा चूर-चूर हो जाएगा'। 

यह भी पढ़ेंः ममता फिर तृणमूल प्रमुख निर्वाचित, कहा- हमसे जो टकराएगा चूर-चूर हो जाएगा  

यह भी पढ़ेंः ममता बोलीं, क्षेत्रीय दलों के लिए भाजपा कोई चुनौती नहीं


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.