केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने साधा ममता सरकार पर निशाना
राज्य में निकाय चुनाव का निष्पक्ष संचालन करने के लिए केंद्रीय बलों की मांग को लेकर एक ओर जहां सियासी घमासान मचा हैं, वहीं केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री बाबुल सुप्रियो के बड़बोलापन ने प्रदेश भाजपा के दावों पर सवाल खड़ा कर दिया है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। राज्य में निकाय चुनाव का निष्पक्ष संचालन करने के लिए केंद्रीय बलों की मांग को लेकर एक ओर जहां सियासी घमासान मचा हैं, वहीं केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री बाबुल सुप्रियो के बड़बोलापन ने प्रदेश भाजपा के दावों पर सवाल खड़ा कर दिया है। प्रदेश भाजपा लगातार निकाय चुनाव के संचालन के लिए केंद्रीय बलों की मांग कर रही है।
शनिवार को कोलकाता नगर निगम के वार्ड नंबर 83 से भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में चुनाव प्रचार करने आए बाबुल ने पत्रकारों से कहा कि राज्य में निष्पक्ष निकाय चुनाव के लिए केंद्रीय बलों की जरूरत बंगाल के लिए शर्म की बात है। हालांकि फिर उन्होंने अपनी बात को संभालते हुए कहा कि केंद्रीय बलों की तैनाती से शांतिपूर्ण चुनाव के लिए लोग आश्वस्त होंगे।
बाबुल ने आगे कहा कि निकाय चुनाव के लिए केंद्रीय बलों को नहीं भेजने के केंद्र सरकार के फैसले यह दर्शाता है कि उनकी सरकार राजनीतिक लाभ या हानि के लिए अपने संगठन के पक्ष में कार्य नहीं करती। वहीं, केंद्रीय बल की तैनाती को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राहुल सिन्हा द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से बात करने की घोषणा के बारे में पूछे जाने पर बाबुल ने कहा कि सिन्हा के बयान के बारे में उन्हें पता नहीं है। इसके अलावा बाबुल ने तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा उनकी विवादित पेंटिंग्स को लेकर शुक्रवार को चुनावी सभा में दिए गए बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि तृणमूल, ममता दीदी के पेंटिंग्स की खरीद-बिक्री के बारे में जानकारी छुपा रही है।
दूसरी ओर, महानगर में प्रचंड गर्मी के बावजूद गायक से राजनेता बने केंद्रीय राज्यमंत्री बाबुल ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जमकर चुनाव प्रचार किया।
उन्होंने वार्ड 83 के भाजपा उम्मीदवार तुषार कांति घोष के पक्ष में प्रचार किया और मतदाताओं से उन्हें भारी मतों से जिताने की अपील की।