तृणमूल सरकार की उपलब्धियों को नकार नहीं सकती भाजपा
चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा कि इसका उदाहरण अब भाजपा शासित मध्य प्रदेश है जहां के स्वास्थ्य विभाग की टीम राज्य की बेहतर चिकित्सा व्यवस्था को देखने आ रही है।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। भाजपा शासित मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग की एक टीम पश्चिम बंगाल के दौरे पर आ रही है जो राज्य में सरकारी चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लेगी। राज्य की स्वास्थ्य राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ भाजपा तरह-तरह की झूठी अफवाह फैलाती है लेकिन जब विकास की बात आती है तो वह तृणमूल सरकार की उपलब्धियों से इन्कार नहीं कर सकती है।
उन्होंने कहा कि इसका उदाहरण अब भाजपा शासित मध्य प्रदेश है जहां के स्वास्थ्य विभाग की टीम राज्य की बेहतर चिकित्सा व्यवस्था को देखने आ रही है।
उन्होंने बताया, उप निदेशक स्तर के अधिकारी की अगुवाई में आ रही मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग की टीम राज्य के विभिन्न सरकारी अस्पतालों का दौरा करेगी और यहां उपलब्ध सुविधाओं व विकास कार्यो से सबक लेगी। भट्टाचार्य ने कहा, राज्य सरकार ने गरीब लोगों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित की है।
गंभीर वित्तीय चुनौतियों व भारी कर्ज के बावजूद हमारी सरकार ने राज्य के हर वर्ग के लोगों की बेहतर व नि:शुल्क चिकित्सा की व्यवस्था की है। फेयर प्राइस शॉप के जरिए एकदम सस्ती दरों पर दवाएं उपलब्ध कराने से लेकर अस्पतालों को अपग्रेड करने के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को विकसित किया है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में उपलब्ध चिकित्सा व्यवस्था दूसरे राज्यों के लिए उदाहरण है।