9 मार्च को मल्टीप्लेक्सों में प्रदर्शित होगा अमर्त्य सेन पर तैयार वृत्तचित्र
नोबेल पुरस्कार विजयी अर्थशास्त्री अमर्त्य सेन पर वृत्तचित्र 'द अग्र्युमेंटेटिव इंडियन' 9 मार्च को महानगर के मल्टीप्लेक्सों में प्रदर्शित होगा।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। नोबेल पुरस्कार विजयी अर्थशास्त्री अमर्त्य सेन पर निर्देशक सुमन घोष द्वारा तैयार वृत्तचित्र 'द अग्र्युमेंटेटिव इंडियन' 9 मार्च को महानगर के मल्टीप्लेक्सों में प्रदर्शित होगा। यह पहला वृत्तचित्र है, जिसे मल्टीप्लेक्सों में दिखाया जाएगा।
वृत्तचित्र की अवधि एक घंटा है। इस वृत्तचित्र को लेकर विवाद उस समय पैदा हो गया था, जब सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म प्रमाणन ने इसके नौ दृश्यों व कुछ संवादों को काटने के लिए कहा था। हालांकि बाद में सेंसर बोर्ड ने वृत्तचित्र से सिर्फ 'गुजरात' शब्द हटाने पर निर्देशक के राजी होने पर इसे प्रदर्शित करने की अनुमति दे दी थी। वृत्तचित्र निर्माताओं ने इस कदम का स्वागत किया है।
राष्ट्रीय पुरस्कार विजयी वृत्तचित्र निर्माता सुप्रियो सेन ने कहा-' मैंने कभी कोलकाता में किसी वृत्तचित्र को मल्टीप्लेक्सों में प्रदर्शित होते नहीं देखा है। यह निश्चित रूप से बहुत अच्छी खबर है।' सेन का वृत्तचित्र 'वे बैक होम' 2004 में नंदन में प्रदर्शित हुआ था, लेकिन सिर्फ दो सप्ताह ही चला था।
सुमन घोष ने कहा-'यूरोप और अमेरिका में वृत्तचित्रों के लिए विशेष थिएटर हैं। वे बेहद लोकप्रिय हैं। मुझे खुशी है कि मेरा वृत्तचित्र प्रदर्शित हो रहा है। मैं आशा करता हूं कि यह प्रवृत्ति बंगाल में आगे भी जारी रहेगी। दर्शकों को विभिन्न प्रकार की फिल्मों का स्वाद मिलेगा। मैं नंदन में भी इसकी स्क्रीनिंग के लिए कोशिश कर रहा हूं।'