मकर संक्रांति पर गंगासागर में उमड़ा आस्था का सैलाब, लगाई डुबकी
मकर संक्रांति पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगासागर में पुण्य स्नान किया।
कोलकाता, जेएनएन। हिंदुओं की आस्था के महापर्व मकर संक्रांति पर पतित पावनी गंगा और सिंधु नरेश सागर के पवित्र मिलन स्थल गंगासागर में लाखों श्रद्धालुओं ने पुण्य स्नान किया। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक शनिवार तक आठ लाख श्रद्धालु गंगासागर पहुंच चुके थे। पुण्य स्नान के मद्देनजर कपिलमुनि मंदिर से लेकर सागरतट तक सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए थे। बड़ी तादाद में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। सागर के आसमान पर ड्रोन से भी कड़ी नजर रखी जा रही है साथ ही, समुद्र में दो होवरक्राफ्ट व तटरक्षक बल के पोत मुस्तैद हैं। मंदिर में दर्शन- पूजन के लिए भी विशेष तैयारियां की गई है।
कपिलमुनि मंदिर के महंत ज्ञानदास जी महाराज के उत्तराधिकारी संजय दास ने बताया कि पुण्य स्नान के समय को लेकर इस बार काफी भ्रांतियां हैं। इस साल पुण्य स्नान का सटीक समय रविवार दोपहर 12 बजे से लेकर सोमवार दोपहर 12 बजे तक का है। हालांकि इस अवधि के आठ घंटे पहले एवं 16 घंटे बाद तक भी पुण्य स्नान किया जा सकता है। मंगलवार प्रात: चार बजे तक पवित्र डुबकी लगाई जा सकती है। संजय दास के अनुसार, पुण्य स्नान का सबसे अच्छा योग सोमवार प्रात: छह बजे से दोपहर 12 बजे तक का है।
उल्लेखनीय है कि गोवर्द्धन मठ पुरी पीठ के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंदजी महाराज भी सोमवार को ही प्रात: साढ़े आठ बजे अपने अनुयायियों के साथ शाही स्नान करेंगे। शंकराचार्य सागर तट पर गंगाआरती भी करेंगे। महंत ज्ञानदास महाराज भी सोमवार प्रात: ही पुण्य स्नान करेंगे।
राज्य के पंचायत व जनस्वास्थ्य अभियंत्रिकी मंत्री सुब्रत मुखर्जी ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पुण्य स्नान के लिए राज्य सरकार की तरफ से तीर्थयात्रियों के लिए समुचित व्यवस्था की गई है। लाखों की तादाद में श्रद्धालु लॉट नंबर- 8, नामखाना व चेमागुरी से सागरद्वीप पहुंच रहे हैं। गंगासागर आने के साथ-साथ पुण्य स्नान व कपिलमुनि के दर्शन-पूजन करके तीर्थयात्रियों के लौटने का सिलसिला भी जारी है। इस तरह से अब तक 18 से 20 लाख श्रद्धालु गंगासागर आ जा चुके हैं। शनिवार तक आठ लाख श्रद्धालु गंगासागर में हैं।
रविवार व सोमवार को और भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। मुखर्जी ने बताया कि इस साल सागर तीर्थयात्रियों की संख्या 25 लाख के आंकड़े को छू लेगी जो एक नया रिकॉर्ड होगा। संवाददाता सम्मेलन में राज्य के खेल व युवा मंत्री अरुप विश्र्वास व बिजली मंत्री शोभनदेव चट्टोपाध्याय भी मौजूद थे।
गंगासागर में 400 लोग लापता
पंचायत मंत्री ने बताया कि गंगासागर में अब तक 400 लोगों के लापता होने की खबर है जिन्हें जल्द तलाश लिया जाएगा। किसी के दुर्घटना अथवा अप्राकृतिक तौर पर मौत की कोई खबर नहीं है। एक नगा साधु की मौत की जानकारी मिली है लेकिन वह उम्रजनित कारणों से हुई है।