पुलिस ने बंगाल में भटक रहे महाराष्ट्र के श्रमिकों को वापस भिजवाया
पुलिस ने मानवता पेश करते हुए सड़कों पर भटक रहे महाराष्ट्र के मजदूरों को न सिर्फ भोजन कराया बल्कि उनके राज्य लौटने की भी सारी व्यवस्था की।
कोलकाता, [जागरण संवाददाता] । उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज थाने की पुलिस ने मानवता की नजीर पेश करते हुए सड़कों पर भटक रहे महाराष्ट्र के मजदूरों को न सिर्फ भोजन कराया बल्कि उनके अपने राज्य लौटने की भी सारी व्यवस्था की।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र के महागांव थाना इलाके से 14 श्रमिक एक व्यक्ति के साथ काम के सिलसिले में बंगाल आए थे। उन्हें लाने वाला कहीं चला गया था। उनमें से 8 लोग उन्हें ढूंढने निकले और बिछड़ गए। बाकी छह लोग रायगंज की सड़कों पर भूखे-प्यासे भटक रहे थे। उनके साथ एक शिशु भी था। रायगंज थाने की पुलिस उनकी मदद को सामने आई।
उन्होंने श्रमिकों को थाने में आकर खाना खिलाया। शिशु के लिए दूध की भी व्यवस्था की गई। इसके बाद उन्हें राधिकापुर-कटिहार पैसेंजर ट्रेन में चढ़ा दिया गया। कटिहार से उनके महाराष्ट्र लौटने की भी पुलिस की ओर से सारी व्यवस्था की गई।