बंगाल में आरएसएस के साथ मिलकर काम करेगी भाजपा
बंगाल में भाजपा अपने सांगठनिक विस्तार के लिए आरएसएस के साथ मिलकर काम करेगी।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। बंगाल में भाजपा अपने सांगठनिक विस्तार के लिए आरएसएस के साथ मिलकर काम करेगी। इसे लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष, आरएसएस के राज्य सचिव जीश्नु बसु तथा मुकुल राय ने चर्चा की। इसके लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के आवास पर बैठक आयोजित हुई। इसमें राज्य में पार्टी की सांगठनिक मजबूती एवं उसके विस्तार पर लंबी चर्चा की गई।
मुकुल राय को लेकर प्रदेश भाजपा नेताओं को कोई समस्या अभी है या नहीं, इस पर भी चर्चा की गई। चूंकि मुकुल राय पर सारधा चिट फंड घोटाले एवं नारद स्टिंग ऑपरेशन कांड का आरोप है, इसलिए उनके भाजपा में शामिल होने पर संघ परिवार ने शुरू में नाराजगी व्यक्त की थी। संघ नेता राज्य में मुकुल को महत्व नहीं देना चाहते थे। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश भाजपा नेतृत्व के आग्रह पर आरएसएस प्रदेश सचिव मुकुल के साथ चर्चा में शामिल हुए। इसमें कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
पंचायत चुनाव में पार्टी के प्रचार, उम्मीदवारी इत्यादि को लेकर भी चर्चा की गई। दूसरी तरफ, मुकुल राय ने शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा के साथ भी बैठक कर पार्टी के सांगठनिक विस्तार पर चर्चा की। इस बारे में मुकुल ने बताया कि बैठक में पार्टी को मजबूत बनाने पर चर्चा की गई। इसी के साथ प्रदेश नेताओं से परिचय भी बढ़ा।
गौर हो कि मुकुल राय ने 10 नवंबर को रानी रासमणि रोड में आयोजित भाजपा की सभा से ममता सरकार पर तोप तागे थे। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है। मुकुल के शुरूआत में भी इस रूख से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रशंसा की है।