कन्याश्री योजना वामो की देन : विमान
राज्य ब्यूरो, कोलकाता: वाममोर्चा के चेयरमैन विमान बोस ने दावा किया है कि कन्याश्री योजना वाममोर्चा स
राज्य ब्यूरो, कोलकाता: वाममोर्चा के चेयरमैन विमान बोस ने दावा किया है कि कन्याश्री योजना वाममोर्चा सरकार की देन है। वाममोर्चा सरकार ने 2008 में यह योजना शुरू की थी। बोस ने रविवार को भांगड़ में भूमि आंदोलनकारियों से मिलने के बाद यह बातें कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज जो अकेले कन्याश्री योजना का श्रेय ले रही हैं वह असल में वाममोर्चा सरकार की देन है। मुख्यमंत्री को इसके लिए पिछली वामो सरकार के प्रति कृतज्ञ होना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय मंच से ममता बनर्जी सरकार की कन्याश्री योजना को सर्वोच्च अवार्ड मिला है। संयुक्त राष्ट्रसंघ की ओर से नीदरलैंड के शहर हेग में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यह सर्वोच्च अवार्ड प्राप्त किया। 62 देशों के 552 सरकारी परियोजनाओं को लेकर हुई प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल सरकार की कन्याश्री योजना को प्रथम पुरस्कार मिला। यह अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री ने खुद स्वीकार किया यह उनके लिए औ देश के लिए भी गर्व की बात है कि यूएनओ के अंतरराष्ट्रीय मंच पर उन्हें यह पुरस्कार ग्रहण करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। साथ ही इस योजना का लाभ पा रही पश्चिम बंगाल की 40 लाख कन्याओं के लिए भी यह गर्व की बात है।
बोस ने रविवार को भांगड़ में भूमि आंदोलनकारियों से मुलाकात की और उन्हें ईद के मौके पर नए पोशाक और खाद्य सामग्री सौंपी। आरोप है कि ईद के मौके पर आंदोलनकारी डर से घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। शिकायत मिलने पर वाममोर्चा के चेयरमैन विमान बोस के नेतृत्व में माकपा का एक प्रतिनिधि मंडल भागड़ पहुंचा और आंदोलनकारियों से मिल कर उन्हें आश्वस्त किया।