भाजपा-तृणमूल के संघर्ष से रणक्षेत्र बना संदेशखाली, चलीं गोलियां, 10 घायल
संवाद सूत्र, बैरकपुर : हावड़ा के बाद अब संदेशखाली इलाका तृणमूल व भाजपा के संघर्ष के कारण रणक्षेत्र मे
संवाद सूत्र, बैरकपुर : हावड़ा के बाद अब संदेशखाली इलाका तृणमूल व भाजपा के संघर्ष के कारण रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। दुकान पर कब्जा को लेकर हुए इस संघर्ष के कारण शनिवार रात से संदेशखाली का राजबेड़िया इलाका तनावपूर्ण है। रात में दुकान बंद कर घर लौट रहे भाजपा नेता संजीत नस्कर कुछ लोगों के साथ लौैट रहे थे उसी दौरान उनपर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इसका आरोप तृणमूल कार्यकर्ताओं पर है। हमलावरों की गिरफ्तारी की माग पर रविवार राजबेड़िया मोड़ पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क अवरोध किया। आरोप है कि इनपर तृणमूल की बाइक वाहिनी ने हमला किया। उस हमले के दौरान बम व गोलिया चलीं। इस घटना को लेकर राजबेड़िया मोड़ रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। संघर्ष के बाद व्याप्त उत्तेजना को देखते हुए इलाके में बड़ी संख्या में रैफ, कंबैट फोर्स के साथ भारी संख्या में पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। इस दौरान घायल सभी 10 लोगों को बशीरहाट अस्पताल में ले जाया गया। यहां से गोली लगने से जख्मी दो लोगों को डाक्टरों ने एनआरएस अस्पताल में भेज दिया है। बताया गया है कि संजीत नस्कर को दुकान छोड़ने की धमकी पहले भी दी गई थी। लेकिन शनिवार की रात हमलावरों ने उन्हें बंदूक के कुंदे से मारा है। उसकी चीख सुन कर बचाने पहुंची उनकी भातृवधू लतीका नस्कर को भी पीटा गया। संदेशखाली के भाजपा नेता विकास सिंह ने आरोप लगाया कि तृणमूल नेता शाहजहा शेख के इशारे पर तृणमूल आश्रित बदमाश ग्यासुद्दिन मोल्ला के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया। इस दौरान छर्रा, गोली व बम चलाया गया। वहा उपस्थिति पुलिस कर्मी भी हमले की चपेट में आये। इस आरोप को नकारते हुए तृणमूल नेता शाहजहा शेख ने कहा कि तृणमूल के अंचल सभापति ग्यासुद्दिन मोल्ला, भोला शेख एवं कुछ अन्य तृणमूल कार्यकर्ता बशीरहाट जा रहे थे। उनका आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोककर बेरहमी से पीटा। आरोप है कि गाड़ी में दो आदिवासी महिलाएं थी। उन्हें भी पीटा गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।