तेज रफ्तार ने चार लोगों को पहुंचाया अस्पताल
जागरण संवाददाता, कोलकाता : महानगर कोलकाता में एक बार फिर रफ्तार के कहर से चार लोग गंभीर रूप से घायल
जागरण संवाददाता, कोलकाता : महानगर कोलकाता में एक बार फिर रफ्तार के कहर से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पहली घटना गत रात की है। ईएम बाइपास स्थित रूबी अस्पताल के निकट दो टैक्सियों की टक्कर से तीन लोग जख्मी हो गए। वहीं दूसरी घटना रविवार तड़के उत्तर कोलकाता स्थित टाला ब्रिज पर ट्रक व मोटरसाइकिल की टक्कर की है। गंभीर हालत में युवक को आरजीकर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पहली घटना के बारे में पुलिस की ओर से बताया गया है कि रूबी मोड़ से गरियाहाट की तरफ जाने के दौरान एक टैक्सी ने दूसरी कार को टक्कर मार दी। रात दो बजे के करीब कार एक संकरी गली से तेज रफ्तार से निकल रही थी उसी दौरान टैक्सी से टकरा गई। उसमें सवार चालक समेत दो यात्री जख्मी हो गए। तीनों का स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। वही रविवार टाला थाना अंतर्गत टाला ब्रिज पर नशे में धुत बाइक चालक ने ट्रक में टक्कर मार दी। घटना में गंभीर रूप से घायल अग्र दत्ता को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अब सीसीटीवी कैमरे की मदद से ट्रक की पहचान करने में जुटी है।