दहेज के लिए विवाहिता की हत्या, ससुराल वाले फरार
जागरण संवाददाता, हावड़ा : शादी के महज तीन माह के अंदर ही एक विवाहिता दहेज के लोभियों की शिकार हो गई।
जागरण संवाददाता, हावड़ा : शादी के महज तीन माह के अंदर ही एक विवाहिता दहेज के लोभियों की शिकार हो गई। आरोप के अनुसार पिछली रात ससुराल वालों ने गला दबाकर उसकी हत्या करने के बाद फंदे में झूला कर प्रशासन व समाज को गुमराह करने का प्रयास किया। घटना के बाद से आरोपी फरार बताये गये हैं। यह घटना सोमवार की रात मालीपांचघड़ा थानांतर्गत सलकिया कामिनी स्कूल लेन की है। मृतका का नाम रिम्पा सामंत बताया गया है। आरोप के अनुसार महज तीन माह पहले उसकी शादी इलाके के रहने वाले दीपंकर सामंत के साथ हुई थी। शादी के दौरान लाखों के गहने व सामान घर वालों ने रिम्पा को दिया था। अब वे रिम्पा पर दबाव देने लगे कि वह मायका पांच लाख रुपये लाये ताकि दीपंकर नौकरी छोड़ के व्यवसाय कर सके। लेकिन रिम्पा उनकी बात मानने को तैयार नहीं थी। इसी वजह से उसके उपर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना किया जाने लगा। मायके वालों को आरोप है कि प्रति दिन वे उस पर अत्याचार करते थे। सोमवार की देर रात गला दबाकर उसकी हत्या की दी गई। इसके बाद उसे फंदे पर झूला दिया गया। कानून से बचने के लिए ससुराल वालों ने बिन पुलिस को सूचित किये खुद फंदे को काटकर उसे हावड़ा जिला अस्पताल में ले गये, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से आरोपी ससुराल वाले फरार बताये गये हैं। थाने में उनके खिलाफ दहेज के लिए विवाहिता की हत्या करने का मामला दर्ज कराया गया है।