तृणमूल विधायक की धमकी पर राजनीति गरमाई
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के एक विधायक द्वारा धमकी देने को लेकर राजनी
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के एक विधायक द्वारा धमकी देने को लेकर राजनीति गरमा गई है। इस बार उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा से तृणमूल विधायक अर्जुन सिंह पर भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं को धमकी देने का आरोप लगा है।
आरोप है कि सिंह ने अपने खिलाफ नारेबाजी कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को खुलेआम गाली व धमकियां दी है। सूत्रों का कहना है कि तृणमूल विधायक कुछ इस तरह आपा खो बैठे कि उन्होंने सारी मर्यादाएं लांघते हुए उनके नाम पर मुर्दाबाद के नारे लगा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को गोली मारने तक की धमकी दे दी। बताया जाता है कि पूरा वाकया पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ लेकिन किसी ने भी विधायक को रोकने की कोशिश नहीं की।
यह खबर सामने आने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय द्वारा अर्जुन सिंह की धमकी वाले वीडियो सोमवार को ट्वीटर पर अपलोड कर सवाल उठाए हैं।
विजयवर्गीय ने सोमवार को एक के बाद एक कुल तीन वीडियो अपलोड किया जिसमें अर्जुन सिंह प्रदर्शन करने वालों को धमकी देते हुए दिख रहे हैं। अपने पहले ट्वीट में विजयवर्गीय ने लिखा कि, उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा से तृणमूल कांग्रेस के विधायक अर्जुन सिंह पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं व भाजपा के पूर्व विधायक शमीक भंट्टाचार्य के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं। इसके अगले ट्वीट में उन्होंने लिखा, अर्जुन सिंह खुलेआम पुलिस प्रशासन के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं को गालियां दे रहे हैं पर इन्हें रोकने वाला कोई नहीं है।
भाजपा नेता ने आगे लिखा, क्या मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अब अपने विधायक के इस व्यवहार पर कोई कार्रवाई करना उचित समझेंगी? विधायक के इस बर्ताव पर फिलहाल तृणमूल कांग्रेस ने आधिकारिक रूप से कुछ भी कहने से इन्कार किया है। आपको बता दें कि अर्जुन सिंह का अपने क्षेत्र में काफी प्रभाव है। वे भाटपाड़ा नगरपालिका के चेयरमैन भी हैं।