11 बजे तक 38.30 प्रतिशत मतदान
राज्य ब्यूरो, कोलकाता: कड़ी सुरक्षा के बीच शनिवार को पश्चिम बंगाल में पांचवे चरण का मतदान शुरू हुआ। प
राज्य ब्यूरो, कोलकाता: कड़ी सुरक्षा के बीच शनिवार को पश्चिम बंगाल में पांचवे चरण का मतदान शुरू हुआ। पूर्वान्ह 11 बजे तक 38.30 प्रतिशत वोट पड़े। छिटपुट घटनाओं के बीच शांतिपूर्ण रूप से मतदान जारी है। दक्षिण कोलकाता में 32.58 प्रतिशत, दक्षिण 24 परगना में 39.81 और हुगली में 36.97 प्रतिशत वोट पड़े। दक्षिण 24 परगना की 31, कोलकाता की 4 और हुगली की 18 सीटों के लिए वोट डाले गए।
सतगछिया में तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार सोनाली गुहा केंद्रीय बलों के साथ उलझ गई। वोट प्रक्रिया चलने के दौरान वह ईवीएम तक पहुंच गई। रोकने पर केंद्रीय बलों के साथ उनकी तीखी नोकझोंक हुई। सोनाली गुहा ने माकपा के पोलिंग एजेंट को मारकर बाहर निकाल देने की धमकी दी। घटना के संबंध में चुनाव आयोग ने डीएम से रिपोर्ट तलब की है। पोर्ट क्षेत्र से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। विपक्षी दलों की ओर से ग्यारह बजे तक चुनाव आयोग में 1000 शिकायतें दर्ज की गई। भवानीपुर में एक मतदाता अपना वोट डालने गया तो उसके नाम के सामने मृत लिख दिया गया था। शोरगुल मचने पर भवानीपुर की कांग्रेस उम्मीदवार दीपा दासमुंशी खुद उस बूथ में पहुंची। आरामबाग में एक माकपा कर्मी को मारने से उसका सिर फट गया। उस पर हमला करने का आरोप तृणमूल कांग्रेस पर लगा है।
इस चरण में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, पंचायत मंत्री सुब्रत मुखर्जी, शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी, मेयर शोभन चटर्जी, आवास मंत्री अरुप विश्वास, नगरविकास मंत्री फिरहाद हकीम, विद्युत मंत्री मनीष गुप्त, विधानसभा अध्यक्ष विमान बनर्जी, विधानसभा की उपाध्यक्ष सोनाली गुहा और मुख्य सचेतक शोभनदेव चटर्जी समेत कई हेवीवेट उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। विपक्ष के हेवीवेट उम्मीदवारों में कांग्रेस की दीपा दासमुंशी भाजपा के चंद्र कुमार बोस, माकपा के सुजन चक्रवर्ती और राबीन देव आदि शामिल हैं।