राहुल गांधी से मिलना चाहते हैं मुकुल
तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद मुकुल राय कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मिलना चाहते हैं। राजनीतिक हलकों में इसे लेकर अटकलें तेज हो गई हैं, हालांकि कांग्रेस नेतृत्व ने 19 अप्रैल के पहले राहुल के साथ किसी के मिलने का समय तय करने से मना किया है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद मुकुल राय कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मिलना चाहते हैं। राजनीतिक हलकों में इसे लेकर अटकलें तेज हो गई हैं, हालांकि कांग्रेस नेतृत्व ने 19 अप्रैल के पहले राहुल के साथ किसी के मिलने का समय तय करने से मना किया है। राहुल के विदेश से लौटते ही कांग्रेस अपनी राजनीतिक रणनीति तय करने में जुटेगी। बताया जाता है कि मुकुल राय राहुल के विदेश से लौटते ही उनसे मिलना चाहते हैं।
उल्लेखनीय है कि बीच में मुकुल के भाजपा में जाने की चर्चा छिड़ी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुकुल के मिलने पर उनके भाजपा में जाने की संभावना जताई गई थी। भाजपा के केंद्रीय नेताओं के साथ मुकुलके संपर्क मजबूत होने के बावजूद बंगाल भाजपा के साथ उनका तालमेल नहीं बैठ सका। बंगाल भाजपा अध्यक्ष राहुल सिन्हा और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सिद्धार्थ नाथ सिंह ने मुकुल का विरोध जारी रखा है। प्रदेश भाजपा की कड़ी आपत्ति के कारण मुकुल के भाजपा में होने की संभावना क्षीण हो गई है, हालांकि राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ भी वह अपना संबंध सुधारने का प्रयास कर सकते हैं।
बदलते राजनीतिक घटनाक्रम में मुकुल ने भी नई राजनीतिक संभावनाएं तलाशना शुरू कर दिया है। कांग्रेस के साथ संपर्क बढ़ाना उनके इसी प्रयास का हिस्सा माना जा रहा है। भाजपा के द्वार पूरी तरह बंद होने की स्थिति में मुकुल कांग्रेस में अपना राजनीतिक भविष्य तलाशने का प्रयास करेंगे। राहुल गांधी से मिलने के उनके प्रयास का यही अर्थ लगाया जा रहा है।